सागर : Wedding Cancelled Sagar MP : मध्य प्रदेश के सागर जिले के खुरई में दहेज की मांग को लेकर एक शादी टूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि वरमाला की रस्म पूरी होने के बाद दूल्हा पक्ष ने दो लाख रुपये नकद और एक पल्सर बाइक की मांग कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर विवाद इतना बढ़ा कि बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। लड़की पक्ष ने मारपीट और पुलिस की लापरवाही के भी आरोप लगाए हैं।
दरअसल,मामला खुरई शहरी थाना क्षेत्र के सरस्वती शिशु मंदिर के पास पठारी रोड का है , जहां 19 जून को रामदास बंसल की बेटी निशा बंसल का विवाह आयोजित था। बारात रायसेन जिले के गोपालपुर, तहसील बेगमगंज से आई थी। दूल्हा सुरेंद्र बंसल और उसका परिवार विवाह की रस्मों में शामिल था और वरमाला भी संपन्न हो चुकी थी। लड़की पक्ष का आरोप है कि वरमाला के बाद अचानक दूल्हा और उसके परिजनों ने दो लाख रुपये नकद और एक पल्सर बाइक की मांग रख दी। जब वधू पक्ष ने आर्थिक असमर्थता जताई तो बारातियों ने हंगामा शुरू कर दिया।
आरोप है कि इस दौरान लड़की पक्ष के लोगों के साथ मारपीट भी की गई। विवाद बढ़ने पर दूल्हा सुरेंद्र बंसल अपने परिजनों और बारातियों के साथ बिना शादी किए वापस लौट गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद वे रात में ही शिकायत लेकर शहरी थाना पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करने के बजाय सुबह आने की बात कहकर उन्हें लौटा दिया। परिवार का आरोप है कि यदि उसी समय कार्रवाई होती तो स्थिति संभाली जा सकती थी।
वहीं,मामले में थाना प्रभारी का कहना है कि दहेज को लेकर कुछ विवाद हुआ है लड़की पक्ष के बयान लिए जा रहे है,बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल शादी टूटने से परिवार सदमे में है और अब न्याय की मांग कर रहा है। मामले को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि दहेज मांगने और मारपीट के आरोपों के बाद पुलिस क्या कार्रवाई करती है।