मंदिर की छत गिरने से तीन लड़कियों की मौत, छह अन्य घायल,
मंदिर की छत गिरने से तीन लड़कियों की मौत, छह अन्य घायल,
मुरैना, नौ फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के अहरौली गांव में सोमवार दोपहर माता मंदिर की छत गिरने से तीन बालिकाओं की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि दोपहर करीब दो बजे जब मंदिर में गुंबद निर्माण के लिए पुरानी छत तोड़ी जा रही थी तब ‘छत की पटिया (निर्माण संबंधी एक प्रकार का सहारा)’ अचानक गिर गयी और नीचे बैठी बच्चियां मलबे में दब गईं।
उसने बताया कि मृतक बच्चियों की पहचान वैष्णवी सिकरवार (11) , छाया गोस्वामी (7) और करिश्मा गोस्वामी (9) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार इस हादसे में गुंजन (12), परी (8), विद्या (6) तथा दंपती सतीश गौड और उनकी पत्नी पृथ्वी गौड एवं उनकी पुत्री मानसी (14) घायल हो गए।
उसने बताया कि सभी घायलों को कैलारस के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक सतीश गौड अपनी पत्नी के साथ मंदिर में प्रसाद चढ़ाने आए थे तथा उन्होंने प्रसाद देने के लिए कुछ बच्चियों को मंदिर के अंदर बुला लिया, इसी दौरान यह हादसा हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया और मलबा हटाकर घायलों एवं शवों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर एसडीएम जौरा शुभम शर्मा सहित पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
भाषा सं दिमो राजकुमार
राजकुमार

Facebook


