ट्विशा शर्मा मौत मामला: फरार पति ने जबलपुर उच्च न्यायालय में जमानत के लिए अर्जी दी

Ads

ट्विशा शर्मा मौत मामला: फरार पति ने जबलपुर उच्च न्यायालय में जमानत के लिए अर्जी दी

  •  
  • Publish Date - May 21, 2026 / 01:25 PM IST,
    Updated On - May 21, 2026 / 01:25 PM IST

जबलपुर, 21 मई (भाषा) दहेज के लिए कथित प्रताड़ना के बाद पिछले सप्ताह मृत पाई गईं ट्विशा शर्मा के फरार पति समर्थ सिंह ने जबलपुर उच्च न्यायालय में जमानत अर्जी दायर की है।

इससे पहले एक मजिस्ट्रेट अदालत ने समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी थी जबकि उनकी मां एवं सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत दे दी।

मॉडल और अभिनेत्री 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं।

ट्विशा के परिवार ने उनके ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर उनकी मौत के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। वहीं, सिंह परिवार का दावा है कि ट्विशा नशीले पदार्थों की आदी थीं।

पुलिस ने समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2), 85 और 3(5) तथा दहेज निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस ने समर्थ सिंह की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले के लिए 10 हजार रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है। साथ ही पुलिस ने उनका पासपोर्ट निरस्त कराने के लिए अदालत का रुख भी किया है।

भाषा दिमो मनीषा

मनीषा