त्विषा शर्मा का पति समर्थ सिंह आत्मसमर्पण के लिए जबलपुर जिला न्यायालय पहुंचा

Ads

त्विषा शर्मा का पति समर्थ सिंह आत्मसमर्पण के लिए जबलपुर जिला न्यायालय पहुंचा

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 06:27 PM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 06:27 PM IST

जबलपुर, 22 मई (भाषा) दहेज के लिए कथित तौर पर प्रताड़ित की गई और भोपाल में अपने ससुराल में पिछले सप्ताह मृत पाई गई त्विषा शर्मा का पति समर्थ सिंह शुक्रवार पूर्वाह्न जबलपुर जिला न्यायालय में आत्मसमर्पण करने पहुंचा। समर्थ सिंह के वकील मृगेंद्र सिंह ने यह जानकारी दी।

मृगेंद्र सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘वह (समर्थ) जबलपुर जिला न्यायालय पहुंच चुका है। वह वहां बैठा हुआ है।’’

हालांकि, त्विषा के परिजनों के वकील ने जबलपुर जिला न्यायालय में समर्थ सिंह के आत्मसमर्पण का विरोध किया है।

समर्थ सिंह के जिला न्यायालय पहुंचने की खबर मिलते ही त्विषा के पिता नवनिधि शर्मा और उनके वकील अनुराग श्रीवास्तव भी जिला न्यायालय पहुंचे।

श्रीवास्तव ने पत्रकारों से कहा कि समर्थ सिंह जिला न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं कर सकता है।

उन्होंने कहा,‘‘उच्च न्यायालय के आदेश के मुताबिक वह अधीनस्थ अदालत (भोपाल) में आत्मसमर्पण करे या फिर इस मामले के जांच अधिकारी (आईओ) के सामने आत्मसमर्पण करे।’’

ज्ञात हो कि इससे पहले समर्थ सिंह ने मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत की अपनी याचिका वापस ले ली थी।

समर्थ के अन्य वकील जयदीप कौरव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया था कि उनके मुवक्किल ने न्यायमूर्ति अवनींद्र सिंह की एकल पीठ से अपनी याचिका वापस ले ली है।

समर्थ के भाई सिद्धार्थ सिंह ने पिछले सप्ताह एक अधीनस्थ अदालत द्वारा उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद उच्च न्यायालय में एक विविध आपराधिक मामला (एमसीआरसी) दायर किया था।

समर्थ की मां पूर्व न्यायाधीश और भोपाल उपभोक्ता आयोग की अध्यक्ष गिरिबाला सिंह को पिछले सप्ताह भोपाल की एक अदालत ने अग्रिम जमानत दे दी थी। मामले में दर्ज प्राथमिकी में उनका नाम भी है।

गत 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में स्थित अपने ससुराल में त्विषा शर्मा (33) फांसी पर लटकी पाई गई थी। मॉडल से अभिनेत्री बनी त्विषा के परिवार ने उसके ससुराल वालों पर दहेज के लिए बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है जबकि सिंह परिवार का दावा है कि वह ड्रग्स की आदी थी।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और दहेज निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस ने समर्थ सिंह की गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले 30,000 रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की थी और उसके पासपोर्ट को रद्द करने के लिए अदालत का दरवाजा पहुंची थी।

भाषा ब्रजेन्द्र

राजकुमार

राजकुमार