बैतूल में सैप्टिक टैंक में दम घुटने से दो भाइयों की मौत, बचाने उतरा युवक गंभीर
बैतूल में सैप्टिक टैंक में दम घुटने से दो भाइयों की मौत, बचाने उतरा युवक गंभीर
बैतूल (मध्यप्रदेश), 10 जून (भाषा) मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बुधवार को एक सैप्टिक टैंक (मल कुंड) के निर्माण के दौरान दो भाइयों की मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने के लिए अंदर उतरा एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर मुलताई थाना क्षेत्र के परमंडल गांव के भगत सिंह वार्ड में हुई।
मुलताई थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि परमंडल निवासी ओमप्रकाश के मकान में सैप्टिक टैंक का निर्माण कार्य किया जा रहा था। इस दौरान डिवटिया गांव के निवासी विजय पंवार (38) और उनके छोटे भाई संजय पंवार (30) काम कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि बुधवार शाम निर्माण कार्य के दौरान संजय टैंक के अंदर उतरा, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आया। उसकी खोजबीन के लिए बड़ा भाई विजय टैंक में उतरा, लेकिन वह भी वापस नहीं लौटा।
परिहार ने बताया कि दोनों के साथ काम कर रहे मुकेश परिहार (30) ने जब देखा कि दोनों बाहर नहीं आए हैं, तो वह भी टैंक के अंदर चला गया। वहां उसने दोनों भाइयों को अचेत अवस्था में पड़ा देखा।
पुलिस के मुताबिक, मुकेश ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इस दौरान जहरीली गैस के प्रभाव से मुकेश भी बेहोश हो गया। बाद में तीनों को मुलताई के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद संजय और विजय को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद मुकेश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माणाधीन सैप्टिक टैंक को लगभग एक माह बाद खोला गया था। आशंका है कि टैंक के भीतर जमा जहरीली गैस के कारण दम घुटने से दोनों भाइयों की मौत हुई।
जिला चिकित्सालय के अधिकारी गजेंद्र मीणा ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
भाषा सं ब्रजेन्द्र खारी
खारी

Facebook


