मप्र, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के युवा विधायकों का दो दिवसीय सम्मेलन सोमवार से शुरू होगा
मप्र, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के युवा विधायकों का दो दिवसीय सम्मेलन सोमवार से शुरू होगा
भोपाल, 29 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के युवा विधायकों का दो दिवसीय सम्मेलन सोमवार को यहां विधानसभा में शुरू होगा, जिसमें लोकतांत्रिक भागीदारी को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि 30 और 31 मार्च को आयोजित इस सम्मेलन में राष्ट्रकुल संसदीय संघ (भारत क्षेत्र 6) के तीन राज्यों के 63 युवा विधायक भाग लेंगे।
सम्मेलन से एक दिन पहले मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए कि कार्यक्रम सुचारू रूप से चले। उनके साथ विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा भी मौजूद थे।
तोमर ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य लोकतंत्र को मजबूत करना और युवा जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर विचार-विमर्श करना है। उन्होंने कहा कि चर्चा लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी और जिम्मेदारियों पर केंद्रित होगी।
अधिकारियों ने बताया कि सम्मेलन के दौरान कुल पांच सत्र आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पहले दिन तीन और दूसरे दिन दो सत्र आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में मध्यप्रदेश के 37, राजस्थान के 13 और छत्तीसगढ़ के 13 विधायक शामिल होंगे, जिनकी उम्र 45 साल से कम है।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष तोमर और राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी भी शामिल होंगे।
अधिकारी ने बताया कि पहले दिन ‘लोकतंत्र और नागरिक भागीदारी को मजबूत करने में युवा विधायकों की भूमिका’ पर विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने कहा कि माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलपति विजय मनोहर तिवारी भी प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे।
अधिकारी ने बताया कि सम्मेलन के दूसरे दिन चर्चा ‘विकसित भारत 2047 – युवा विधायकों की जिम्मेदारियां और चुनौतियां’ पर केंद्रित होगी। एमआईटी पुणे के अध्यक्ष राहुल वी कराड एक सत्र को संबोधित करेंगे।
राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश समापन समारोह में शामिल होंगे। सम्मेलन में मध्यप्रदेश के संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और विपक्ष के नेता उमंग सिंघार विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
भाषा ब्रजेन्द्र
रंजन देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


