उप्र : दमोह में क्षतिग्रस्त पुल से नदी में गिरी मोटरसाइकिल, तीन युवकों की मौत
उप्र : दमोह में क्षतिग्रस्त पुल से नदी में गिरी मोटरसाइकिल, तीन युवकों की मौत
दमोह, 14 फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के दमोह जिले में क्षतिग्रस्त पुल से मोटरसाइकिल के फिसलकर नदी में गिर जाने से तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक सभी तीन युवक 20-25 वर्ष आयु वर्ग के थे और एक मित्र की शादी में शामिल होने जा रहे थे। यह हादसा शुक्रवार रात करीब 11 बजे तेन्दूखेड़ा ब्लॉक मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर सागर रोड पर हुआ।
उपमंडलीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) अर्चना अहिर ने बताया कि युवक रास्ता भटक गए और पुल के उस हिस्से पर पहुंच गए, जो पिछले वर्ष आई बाढ़ में आंशिक रूप से बह गया था। इसी दौरान मोटरसाइकिल चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और मोटरसाइकिल ब्यरमा नदी में जा गिरी।
मृतकों की पहचान सागर जिले के अजय घोसी, अमित कुर्मी और पवन कुर्मी के रूप में हुई है। वे सभी तेन्दूखेड़ा में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
अहिर ने बताया कि 30 जुलाई को आई बाढ़ में पुल बह जाने के बाद इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया था और लोगों को करीब 20 किलोमीटर का चक्कर लगाकर जाना पड़ रहा था। युवक ‘शॉर्टकट’ लेने के प्रयास में रास्ता भटक गए।
उन्होंने बताया कि युवकों के पीछे दूसरी मोटरसाइकिल पर आ रहे परिजनों ने तेन्दूखेड़ा थाना पुलिस को इस घटना की सूचना दी। इसके बाद 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और तीनों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना पर पूर्व मंत्री और रेहली विधायक गोपाल भार्गव ने शोक व्यक्त किया है।
भाषा
सं, दिमो
रवि कांत

Facebook


