मप्र के ग्वालियर में रास्ता देने के विवाद में गोलीबारी, महिला घायल

मप्र के ग्वालियर में रास्ता देने के विवाद में गोलीबारी, महिला घायल

मप्र के ग्वालियर में रास्ता देने के विवाद में गोलीबारी, महिला घायल
Modified Date: March 26, 2026 / 02:21 pm IST
Published Date: March 26, 2026 2:21 pm IST

ग्वालियर, 26 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में सड़क पर रास्ता देने को लेकर हुए विवाद में अज्ञात बदमाशों द्वारा की गई गोलीबारी में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

यह घटना बुधवार रात करीब 10.30 बजे बेहट थाना क्षेत्र के रंगावां गांव के पास हुई, जब महिला अपने बेटे के साथ ग्वालियर में मंदिर दर्शन के बाद उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ स्थित घर लौट रही थी। महिला का बेटा वाहन चला रहा था।

पुलिस के अनुसार रास्ते में एक संकरी सड़क पर एक कार बीच में खड़ी थी। शिकायतकर्ता ने रास्ता देने के लिए पहले हॉर्न बजाया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उसने हूटर बजाया, जिससे अन्य कार में सवार युवक नाराज हो गए।

शिकायतकर्ता भीम गौतम शर्मा ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने पहले तो उन्हें कुछ दूर तक जाने दिया और फिर उनका पीछा किया तथा उन पर गोलीबारी की। गोली कार का शीशा तोड़ते हुए युवक की मां विमला देवी शर्मा (60) की गर्दन में जा लगी।

उप संभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) मनीष यादव ने ‘पीटीआई-वीडियो’ को बताया कि हमलावर घटना के बाद भिंड की ओर फरार हो गए।

घायल महिला को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने महिला के बेटे की शिकायत पर चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है और उनकी तलाश की जा रही है।

भाषा सं दिमो शोभना सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में