परिवहन विभाग की महिला निरीक्षक की हत्या,परिचित पुरुष ने की आत्महत्या
परिवहन विभाग की महिला निरीक्षक की हत्या,परिचित पुरुष ने की आत्महत्या
भोपाल, 21 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में परिवहन विभाग की 35 वर्षीय महिला निरीक्षक की सोमवार तड़के कथित तौर पर हथौड़े से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद उसके परिचित एक पुरुष ने भी खजूरी सड़क थाना क्षेत्र में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतका की पहचान मीनाक्षी गोखले के रूप में हुई है। वह दतिया में परिवहन विभाग में निरीक्षक के पद पर पदस्थ थीं और करीब दो दिन पहले भोपाल आई थीं।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि गोखले तलाकशुदा थीं और उनकी आरोपी पवन द्विवेदी (35) से करीब सात-आठ साल पहले इंदौर में मुलाकात हुई थी।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, द्विवेदी ने एक मकान में गोखले पर कथित तौर पर हथौड़े से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद उसने कुछ दूरी पर खजूरी सड़क थाना क्षेत्र में एक पेड़ से रस्सी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
चौहान ने बताया, ”जिस मकान में घटना हुई, वह संभवत: आरोपी के नाम पर किराये पर लिया गया था। घटना के समय गोखले की एक महिला मित्र दूसरे कमरे में मौजूद थी। उसी ने पुलिस को सूचना दी।”
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोखले तथा द्विवेदी के शव बरामद किए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है, इनमें गोखले पर द्विवेदी से शादी करने का कथित दबाव भी शामिल है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के सही कारण का पता लगाने के लिए जानकारी जुटाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि द्विवेदी मूल रूप से सीधी का रहने वाला था और उसका एक कोचिंग संस्थान था।
भाषा दिमो शोभना
शोभना

Facebook


