महाराष्ट्र विधान भवन में 10 नए एमएलसी ने शपथ ली

Ads

महाराष्ट्र विधान भवन में 10 नए एमएलसी ने शपथ ली

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 01:20 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 01:20 PM IST

मुंबई, 14 मई (भाषा) महाराष्ट्र विधान परिषद के 10 नवनिर्वाचित सदस्यों ने यहां विधान भवन में बृहस्पतिवार को शपथ ली जिनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के छह सदस्य भी शामिल हैं।

विधान परिषद के सभापति राम शिंदे ने विधान भवन के केंद्रीय हॉल में विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी) को शपथ दिलाई।

नवनिर्वाचित सदस्यों में शिवसेना की नीलम गोरे, प्रहार जनशक्ति पार्टी के ओमप्रकाश उर्फ ​बच्चू कडू, शिवसेना (उबाठा) के अंबादास दानवे के अलावा भाजपा की प्रज्ञा सातव, प्रमोद जठार, माधवी नाइक, सुनील कर्जतकर, विवेक कोल्हे और संजय भेंडे, जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के जीशान सिद्दीकी हैं।

इस महीने की शुरुआत में हुए विधान परिषद चुनाव में नौ सदस्यों को निर्विरोध और उपचुनाव में प्रज्ञा सातव को चुना गया था। प्रज्ञा ने कांग्रेस सदस्य के रूप में उच्च सदन से इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ली थी।

विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार तथा अन्य वरिष्ठ नेता शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहे।

राज्य विधानमंडल के 78 सदस्यीय उच्च सदन में फिलहाल 22 सीट रिक्त हैं – जिनमें से 17 स्थानीय स्वशासन निकायों की और पांच राज्यपाल द्वारा मनोनीत सीट शामिल हैं।

भाषा यासिर वैभव

वैभव