‘क्विक-कॉमर्स’ कंपनी में नौकरी के बहाने 10 लोगों से ठगी; दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

Ads

‘क्विक-कॉमर्स’ कंपनी में नौकरी के बहाने 10 लोगों से ठगी; दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - September 9, 2026 / 03:11 PM IST,
    Updated On - September 9, 2026 / 03:11 PM IST

ठाणे, नौ सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र पुलिस ने ठाणे में एक ‘क्विक-कॉमर्स’ कंपनी में नौकरी दिलाने के बहाने 10 लोगों के बैंक खातों और मोबाइल नंबर का गलत इस्तेमाल करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने पीड़ितों को ‘क्विक-कॉमर्स’ कंपनी में ‘वेयरहाउस पैकिंग’ की नौकरी दिलाने का वादा कर उनका भरोसा जीता।

अधिकारी के मुताबिक, आरोपियों ने पीड़ितों की बैंक पासबुक और उनके खाते से जुड़े सिम कार्ड ले लिए, लेकिन उन्हें कोई नौकरी नहीं दिलाई।

उन्होंने बताया कि जब एक महिला पीड़ित को पता चला कि उसके बैंक खाते और मोबाइल नंबर का इस्तेमाल अनधिकृत लेन-देन के लिए किया जा रहा है, तो उसने तुरंत अपने दस्तावेज और सिम कार्ड वापस करने की मांग की।

अधिकारी के अनुसार, आरोपियों ने महिला को उसके दस्तावेज लौटाने से इनकार कर दिया और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।

उन्होंने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर भोईवाड़ा पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ सोमवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

‘क्विक-कॉमर्स’ कंपनी का मतलब ऐसी कंपनी से है, जो रोजमर्रा के सामान ग्राहकों तक कुछ ही मिनट में (आमतौर पर 10-30 मिनट के अंदर) पहुंचाती हैं। वहीं, ‘वेयरहाउस पैकिंग’ के काम में ग्राहक के ऑर्डर के हिसाब से सामान जुटाना और पैक करना शामिल है।

भाषा पारुल अविनाश

अविनाश