ठाणे, नौ सितंबर (भाषा) शिवसेना (उबाठा) नेता आदित्य ठाकरे ने ठाणे में प्रस्तावित डेटा सेंटर और आंतरिक रिंग मेट्रो परियोजना का कड़ा विरोध किया और इन्हें लेकर पर्यावरण और जन स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं जताईं हैं।
प्रस्तावित डेटा सेंटर स्थल बालकुम के पास स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री ने मंगलवार को कहा कि शहर के बीचों-बीच 53 एकड़ क्षेत्र में इस तरह की परियोजना का निर्माण उचित नहीं है।
आदित्य ठाकरे ने दावा किया कि डेटा सेंटर को ठंडा रखने के लिए बड़ी मात्रा में पानी की जरूरत होगी, जबकि बिजली आपूर्ति के लिए इस्तेमाल होने वाले जनरेटरों के लिए करीब पांच लाख लीटर डीजल का भंडारण करना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इससे लगातार ध्वनि प्रदूषण होगा, जो 90 डेसीबल तक पहुंच सकता है।
उन्होंने रिंग मेट्रो परियोजना की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि इसके लिए करीब 3,500 पेड़ों को काटा जाएगा।
आदित्य ठाकरे ने नागरिकों से दोनों परियोजनाओं के खिलाफ एकजुट होने की अपील की और कहा कि उन्हें इन मुद्दों पर पूरा राजनीतिक समर्थन दिया जाएगा।
भाषा मनीषा वैभव
वैभव