पालघर में आदिवासी मजदूर से बंधुआ मजदूरी कराने के आरोप में ईंट भट्ठा मालिक पर मामला दर्ज

Ads

पालघर में आदिवासी मजदूर से बंधुआ मजदूरी कराने के आरोप में ईंट भट्ठा मालिक पर मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - May 15, 2026 / 12:12 PM IST,
    Updated On - May 15, 2026 / 12:12 PM IST

पालघर, 15 मई (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक ईंट भट्ठा मालिक के खिलाफ 23 वर्षीय एक आदिवासी मजदूर को अपने लिए काम करने के वास्ते मजबूर करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि ‘कातकरी’ समुदाय के एक मजदूर द्वारा की गई शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ ‘भारतीय न्याय संहिता’ (बीएनएस) और ‘बंधुआ श्रम पद्धति (उन्मूलन) अधिनियम’ के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने 20,000 रुपये का अग्रिम भुगतान स्वीकार करने के बाद अक्टूबर 2025 में ईंट भट्ठे पर काम करना शुरू किया था। बाद में उसने किश्तों में 40,000 रुपये और प्राप्त किए।

अधिकारी ने बताया कि एक सरकारी योजना के तहत मकान स्वीकृत होने के बाद, मजदूर ने निर्माण कार्य शुरू करने के लिए अपने गांव लौटने की अनुमति मांगी थी। लेकिन, आरोपी ने कथित तौर पर उसे धमकी दी और इस साल फरवरी तक काम जारी रखने के लिए मजबूर किया।

पुलिस ने कहा कि मजदूर ने बाद में ‘श्रमजीवी संगठना’ से संपर्क किया, जिसके कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों के समक्ष इस मामले को उठाया।

इसके पश्चात आरोपी के खिलाफ गलत तरीके से रोके रखने, आपराधिक धमकी और जानबूझकर अपमान करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया।

भाषा सुमित मनीषा

मनीषा