ठाणे में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार, 13 हिरासत में
ठाणे में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार, 13 हिरासत में
ठाणे, छह जून (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे में 23-वर्षीय एक युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और लंबी दूरी की एक ट्रेन से 13 संदिग्धों को हिरासत में लिया। अधिकारियों ने शनिवार को बताया।
पुलिस के मुताबिक, पोखरण रोड नंबर-दो स्थित गांधी नगर निवासी दीपक जायसवाल पर शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे उपवन झील के पास मोबाइल फोन चोरी करने के आरोप में कथित तौर पर जानलेवा हमला किया गया। उसने बताया कि दीपक लोगों को धमकाता भी था।
अपराध शाखा इकाई-पांच (वागले एस्टेट) के वरिष्ठ निरीक्षक सलिल भोसले ने कहा कि स्थानीय पुलिस के साथ-साथ एक समानांतर जांच शुरू की गई।
भोसले ने कहा, ‘‘हमें एक सूचना मिली और हमने एक तकनीकी विश्लेषण किया, जिससे पुष्टि हुई कि मुख्य संदिग्ध गोरखपुर एक्सप्रेस से महाराष्ट्र से भागने की कोशिश कर रहे थे।’’
अपराध शाखा की एक टीम ने शुक्रवार शाम करीब 6:45 बजे कसारा रेलवे स्टेशन पर दो मुख्य आरोपियों को पकड़ा। उनकी पहचान अजय देवकीलाल गिरि (28) और शिव संजय गोस्वामी (25) के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के निवासी हैं।
ट्रेन में दोनों के साथ मौजूद तेरह अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है।
अधिकारी ने बताया, ‘पीड़ित इलाके में लोगों को धमकाने और परेशान करने के लिए जाना जाता था, जिसके कारण उसके ऊपर यह जानलेवा हमला हुआ। (दीपक) जायसवाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।’
अधिकारियों ने बताया कि वर्तक नगर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार किए गए दो व्यक्ति कथित तौर पर हमले में सीधे तौर पर शामिल थे, जबकि पुलिस हिरासत में लिये गए 13 अन्य संदिग्धों की सटीक भूमिका की जांच कर रही है।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश

Facebook


