ट्रेन में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने का आरोपी गिरफ्तार, 26 लाख रुपये मूल्य के आभूषण बरामद
ट्रेन में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने का आरोपी गिरफ्तार, 26 लाख रुपये मूल्य के आभूषण बरामद
ठाणे, 24 जुलाई (भाषा) ट्रेन में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देने के आरोप में 41 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और उसके पास से 26.31 लाख रुपये के सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। रेलवे पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के निवासी आरोपी की पहचान रघु सुमन खोसला के रूप में हुई है। उसे नवी मुंबई के पनवेल रेलवे स्टेशन पर नियमित सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा जांच के दौरान देखा गया।
अधिकारी ने कहा, “17 जुलाई को मंगल लक्षद्वीप एक्सप्रेस के एसी कोच से उतरने के बाद वह संदिग्ध तरीके से घूमता हुआ दिखाई दिया। उसके बैग की जांच करने पर बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण मिले। इन सामानों के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं देने पर उसे हिरासत में लिया गया।”
अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि वह आदतन अपराधी है और मुंबई रेलवे नेटवर्क के साथ-साथ अन्य राज्यों में उसके खिलाफ 39 मामले दर्ज हैं।
उन्होंने कहा, “वह एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच से बैग चोरी करता है। पता चला है कि बरामद सामान 17 जुलाई को नेत्रावती एक्सप्रेस से चोरी किया गया था। इस घटना में केरल जा रही एक यात्री का हैंडबैग करवार स्टेशन के पास चोरी हो गया था, जिसमें आभूषण और एक आईफोन था।”
इस मामले में गोवा के मडगांव स्थित कोंकण रेलवे थाने में मामला दर्ज किया गया है।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप

Facebook


