नासिक में भारी बारिश: गंगापुर बांध से पानी छोड़े जाने के कारण गोदावरी नदी खतरे के निशान से ऊपर बही

नासिक में भारी बारिश: गंगापुर बांध से पानी छोड़े जाने के कारण गोदावरी नदी खतरे के निशान से ऊपर बही

नासिक में भारी बारिश: गंगापुर बांध से पानी छोड़े जाने के कारण गोदावरी नदी खतरे के निशान से ऊपर बही
Modified Date: July 24, 2026 / 09:22 pm IST
Published Date: July 24, 2026 9:22 pm IST

नासिक, 24 जुलाई (भाषा) भारी बारिश के बीच गंगापुर बांध से पानी छोड़े जाने के कारण शुक्रवार तड़के नासिक में गोदावरी नदी खतरे के निशान को पार कर गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि शहर में शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक के 24 घंटों के दौरान 116 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही मूसलाधार बारिश कम हो गई और शाम 5:30 बजे तक मात्र 2.1 मिलीमीटर बारिश ही दर्ज की गई।

अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण गोदावरी, कादवा, दारणा, गिरना और मोसम नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। गोदावरी का जलस्तर बढ़ने से रामकुंड और गोदा घाट के छोटे मंदिर पानी में डूब गए, जबकि प्रसिद्ध ‘दुतोंड्या मारुति’ की मूर्ति पूरी तरह जलमग्न हो गई।

उन्होंने बताया कि इस सप्ताह जिले के कुछ तहसीलों में भारी बारिश हुई, जिनमें त्र्यंबकेश्वर में 193 मिलीमीटर और सुरगाणा में 164.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जिससे पालखेड़, हरणबारी, नांदूर मधमेश्वर बराज और गंगापुर जैसे बांधों से पानी छोड़ना पड़ा।

एक अधिकारी ने बताया, ‘जिले के बांधों में कुल जल भंडारण बढ़कर 72.40 प्रतिशत हो गया है। पूरे जिले को पानी की आपूर्ति करने वाले गंगापुर बांध में यह 98.26 प्रतिशत है। गंगापुर से 14,407 क्यूसेक, दारणा से 19,312 क्यूसेक, चाणकपुर से 18,879 क्यूसेक और नांदूर-मध्यमेश्वर बराज से 94,497 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।’

जिला प्रशासन ने इन क्षेत्रों और विभिन्न नदियों के तटों पर रहने वाले नागरिकों से सतर्क रहने तथा आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है, जिसमें नदियों में न जाना और कीमती सामान, मवेशियों तथा अन्य सामग्रियों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शामिल है।

भाषा सुमित दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में