अभिनेता जिबरान खान के कैफे के कर्मचारी पर 34 लाख रुपये की हेराफेरी के लिए मामला दर्ज
अभिनेता जिबरान खान के कैफे के कर्मचारी पर 34 लाख रुपये की हेराफेरी के लिए मामला दर्ज
मुंबई, 26 सितंबर (भाषा) बॉलीवुड अभिनेता जिबरान खान के एक कैफे में काम करने वाले एक कर्मचारी के खिलाफ लगभग 34 लाख रुपये की कथित हेराफेरी का मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, खान मुंबई के बांद्रा इलाके में एक कैफे के मालिक हैं और उन्होंने 2022 में आरोपी को कैफे का महाप्रबंधक नियुक्त किया था।
खान को पिछले सप्ताह पता चला कि उनके कैफे में सामान पहुंचाने वाले लोगों का भुगतान लंबित है।
अधिकारी ने प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि इसके बाद खान ने कैफे के खातों की ऑडिटिंग का आदेश दिया।
उन्होंने बताया कि ऑडिट से पता चला कि अप्रैल और मार्च के बीच कैफे का नकद कारोबार 1.14 करोड़ रुपये हुआ, लेकिन बैंक खाते में केवल 79.67 लाख रुपये जमा किए गए थे।
शिकायत में आरोप लगाया कि शेष 34.33 लाख रुपये का कथित इस्तेमाल आरोपी अजय सिंह रावत ने निजी खर्चों के लिए किया।
पुलिस के मुताबिक, जब अभिनेता ने रावत से संपर्क करने की कोशिश की, तो उसने कथित तौर पर फोन कॉल का जवाब नहीं दिया और बाद में उन्हें ब्लॉक कर दिया, जिसके बाद अभिनेता ने बांद्रा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
अधिकारी ने बताया कि जांच के बाद पुलिस ने रावत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात का मामला दर्ज किया।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा जितेंद्र दिलीप
दिलीप

Facebook


