अभिनेता प्रदीप रावत पंचतत्व में विलीन

अभिनेता प्रदीप रावत पंचतत्व में विलीन

अभिनेता प्रदीप रावत पंचतत्व में विलीन
Modified Date: August 5, 2026 / 09:04 pm IST
Published Date: August 5, 2026 9:04 pm IST

मुंबई, पांच अगस्त (भाषा) कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद 74 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाले वरिष्ठ अभिनेता प्रदीप रावत बुधवार को पंचतत्व में विलीन हो गए।

रावत के परिजन, करीबी मित्र और फिल्म ‘लगान’ की टीम के सदस्यों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। अभिनेता आमिर खान और फिल्मकार आशुतोष गोवारिकर भी रावत को श्रद्धांजलि देने पहुंचे।

‘सरफरोश’ और ‘गजनी’ जैसी हिंदी फिल्मों के अलावा कई दक्षिण भारतीय फिल्मों तथा टीवी धारावाहिकों में अभिनय कर चुके रावत का मंगलवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया।

रावत का अंतिम संस्कार गोरेगांव में किया गया, जहां परिजनों, करीबी मित्रों और फिल्म जगत से जुड़े कई कलाकारों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।

अंतिम संस्कार से पहले आमिर खान और आशुतोष गोवारिकर के अलावा ‘लगान’ के कलाकार अखिलेंद्र मिश्रा, दया शंकर पांडे और अमीन हाजी ने भी प्रदीप रावत को श्रद्धांजलि दी।

दया शंकर पांडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग में उनकी पहचान अमरीश पुरी जैसी थी। उन्होंने 400 से अधिक फिल्मों में काम किया। प्रदीप का व्यक्तित्व बेहद प्रभावशाली था। अब हमने ‘लगान’ परिवार का एक और सदस्य खो दिया है।’’

वह वर्ष 2001 में आई फिल्म ‘लगान’ में अहम भूमिका निभाने वाले कलाकार राजेश विवेक उपाध्याय, श्रीवल्लभ व्यास और जावेद खान अमरोही के निधन का जिक्र कर रहे थे।

आमिर खान ने रावत के अभिनय के प्रति समर्पण को याद किया।

आमिर ने ‘वैरायटी इंडिया’ से कहा, ‘‘वह अपने काम के प्रति बेहद समर्पित और निडर अभिनेता थे। ‘गजनी’ में उन्होंने महत्वपूर्ण किरदार निभाया था। मेरे हिसाब से वह भारतीय सिनेमा के सबसे प्रभावशाली खलनायकों में से एक थे। उनके बिना यह फिल्म सफल नहीं हो सकती थी।’’

प्रदीप रावत को ‘महाभारत’ में अश्वत्थामा की भूमिका से पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने ‘तहकीकात’, ‘चंद्रकांता’ और ‘युग’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में काम किया। हिंदी फिल्मों में उन्होंने ‘अग्निपथ’, ‘मेरी जंग’, ‘सरफरोश’, ‘द हीरो: लव स्टोरी ऑफ ए स्पाई’ और ‘छावा’ जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया।

दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी उन्होंने खलनायक की भूमिकाओं से खास पहचान बनाई और ‘साय’, ‘मंगला’ तथा ‘नायक’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को सराहा गया।

उन्होंने पहले सूर्या अभिनीत तमिल फिल्म ‘गजनी’ में खलनायक की भूमिका निभाई थी और बाद में आमिर खान अभिनीत इसके हिंदी संस्करण में भी वही भूमिका दोहराई।

भाषा

राखी नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में