अक्षय कुमार ‘भूत बंगला’ की शूटिंग के दौरान हुए चोटिल
अक्षय कुमार ‘भूत बंगला’ की शूटिंग के दौरान हुए चोटिल
(फाइल फोटो सहित)
मुंबई, नौ अप्रैल (भाषा) आगामी हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘‘भूत बंगला’’ के निर्माताओं ने शूटिंग के वक्त का एक वीडियो साझा किया है जिसमें अभिनेता अक्षय कुमार फिल्म के सेट पर स्टंट के दौरान चोटिल नजर आ रहे हैं।
इस छोटे से वीडियो क्लिप में, कुमार हवा में जंप किक मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इस दौरान उनका संतुलन बिगड़ जाता है और वह गिर जाते हैं, जिससे उन्हें चोट लग जाती है।
अक्षय कुमार फिल्मों में अपने स्टंट खुद करने के लिए जाने जाते हैं। घटना की तारीख और कुमार की चोटों के बारे में और जानकारी स्पष्ट नहीं है।
‘‘भूत बंगला’’ का निर्देशन प्रियदर्शन कर रहे हैं। अक्षय कुमार और प्रियदर्शन 15 साल बाद एक साथ इस फिल्म में काम कर रहे हैं। दोनों ने पहले ‘हेरा फेरी’, ‘गरम मसाला’, ‘भूल भुलैया’ और ‘भागम भाग’ जैसी हिट फिल्मों में साथ काम किया है, उनकी आखिरी रिलीज 2010 में ‘खट्टा मीठा’ थी।
कराटे, ताइक्वांडो और कुडो सहित मार्शल आर्ट में प्रशिक्षित कुमार ने हाल में ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में कहा कि वह एक्शन दृश्यों के लिए वीएफएक्स और एआई पर उद्योग की बढ़ती निर्भरता से बेहद असंतुष्ट हैं।
उन्होंने कहा था, ‘‘आजकल एक्शन फिल्मों के निर्माण के तरीके में बहुत बड़ा अंतर आ गया है। पहले एक्शन असली होता था, अब सब कुछ वीएफएक्स से किया जाता है। यह मजेदार नहीं है क्योंकि यह नकली लगता है। मैं एक ऐसी फिल्म बनाना चाहता हूं जो वास्तविक लगे।’’
भाषा आशीष पवनेश
पवनेश

Facebook


