अमिताभ बच्चन ने सर्जरी, अस्पताल में भर्ती होने को लेकर किया पोस्ट

Ads

अमिताभ बच्चन ने सर्जरी, अस्पताल में भर्ती होने को लेकर किया पोस्ट

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 07:22 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 07:22 PM IST

(फाइल फोटो के साथ)

मुंबई, 21 जुलाई (भाषा) अभिनेता अमिताभ बच्चन ने मंगलवार को अस्पताल में भर्ती होने और सर्जरी का जिक्र करते हुए एक पोस्ट साझा किया, लेकिन उन्होंने अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्या के बारे में कोई अन्य जानकारी नहीं दी।

बच्चन (83) ने सोमवार देर रात अपने आधिकारिक ब्लॉग पर अस्पताल से घर लौटने को ‘‘सबसे कठिन दौर’’ बताया।

उन्होंने कहा, ‘‘अस्पताल में सर्जरी के दौरान और विशेष गहन कक्ष (आईसीयू) में कुशल डॉक्टरों व चिकित्सा कर्मियों की देखरेख में रहने के बाद छुट्टी मिली और घर वापसी हुई। शारीरिक, मानसिक और व्यावहारिक रूप से…घर लौटने का यह दौर सबसे कठिन चरण होता है।’’

बच्चन की पोस्ट से फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका कि वह सामान्य तौर पर बात कर रहे थे या किसी खास व्यक्ति के बारे में चर्चा कर रहे थे।

अभिनेता रविवार को अपने प्रशंसकों से मिलने के तय कार्यक्रम में शामिल हुए थे और पूरी तरह ठीक नजर आए। वह हर सप्ताह अपने घर के बाहर जुटने वाले प्रशंसकों का अभिवादन करते हैं।

बच्चन ने पोस्ट में लिखा है, ‘‘आप एक सम्मानित चैंपियन हैं और एक दिन आपके सामने हार आ खड़ी होती है…यह आपकी जिंदगी का सबसे कठिन दौर होता है। कुछ लोग इसका बहादुरी से सामना करते हैं, जबकि कुछ हार मान लेते हैं। जो संघर्ष करते हैं और साहस बनाए रखते हैं, वे हमेशा चैंपियन बने रहते हैं।

उन्होंने लिखा, ‘‘जो ऐसा नहीं कर पाते, वे समझौता कर लेते हैं और अतीत की उपलब्धियों के सहारे जीते हैं…यह हर व्यक्ति की अपनी व्यक्तिगत पसंद होती है। इनमें से किसी भी विकल्प में कुछ गलत नहीं है।’’

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप