मुंबई, 17 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के अमरावती जिले में कथित यौन उत्पीड़न मामले की जांच कर रही पुलिस ने पूछताछ के लिए 10 लोगों को हिरासत में लिया है और पीड़ित महिलाओं की अश्लील तस्वीरें व वीडियो प्रसारित करने में इस्तेमाल किए गए 41 सोशल मीडिया अकाउंट भी हटा दिए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
इसी से जुड़े एक अन्य घटनाक्रम में, मामले के मुख्य आरोपी का जन्मदिन मनाते नजर आए एक पुलिस अधिकारी और दो कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 11 अप्रैल को कुछ वेबसाइट पर आपत्तिजनक वीडियो सामने आने के बाद इस मामले की जांच शुरू की गई। इससे पहले अमरावती पुलिस मुख्य आरोपी 19 वर्षीय अयान अहमद तनवीर अहमद समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी को 21 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मामले के संबंध में जानकारी प्राप्त की, वहीं अमरावती ग्रामीण पुलिस ने जांच से जुड़ी अहम जानकारी साझा की।
अधिकारी के मुताबिक, अयान अहमद ने कथित तौर पर कथोरा रोड स्थित मानव सुगंधे के किराए के फ्लैट का इस्तेमाल महिलाओं के शोषण के लिए किया। इस मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल ने उस फ्लैट की तलाशी ली, ‘पंचनामा’ किया और मकान मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया।
उन्होंने बताया कि आरोपी अयान अहमद पीड़िताओं से कथोरा रोड, अचलपुर और परतवाड़ा (अब बंद) स्थित तीन कैफे में तथा वझ्झर बांध के पास एक बगीचे में मिला करता था। इन सभी स्थानों पर भी पंचनामा किया गया है।
अधिकारी ने बताया, “जांच के सिलसिले में 10 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।”
उन्होंने कहा कि अमरावती ग्रामीण पुलिस के अपराध प्रकोष्ठ ने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय 41 ऐसे खाते हटा दिए हैं, जिनका इस्तेमाल पीड़ितों की तस्वीरें और वीडियो प्रसारित करने के लिए किया जा रहा था।
पुलिस ने पीड़ितों से अपील की है कि वे शिकायत दर्ज कराने या गोपनीय बयान देने के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) से संपर्क करें।
अधिकारी के अनुसार, एक वीडियो में आरोपी अयान अहमद को परतवाड़ा पुलिस कर्मियों के साथ जन्मदिन की पार्टी मनाते हुए देखे जाने के बाद, अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और जनता का विश्वास हासिल करने के लिए एक अधिकारी और दो कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है।
भाषा
खारी दिलीप
दिलीप