आंध्र को 2047 तक 3,400 अरब अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है लक्ष्य: राज्यपाल
आंध्र को 2047 तक 3,400 अरब अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है लक्ष्य: राज्यपाल
अमरावती, 11 फरवरी (भाषा) आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर ने बुधवार को सदन में कहा कि राज्य सरकार ने 2047 तक 55 लाख रुपये प्रति व्यक्ति आय वाली 308 लाख करोड़ रुपये (3400 अरब अमेरिकी डॉलर) की अर्थव्यवस्था के निर्माण के मकसद से बेहतर विकास के लगातार प्रयास करने का संकल्प लिया है।
विपक्षी दल का दर्जा मांगने वाले युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के विधायकों और अन्य लोगों द्वारा की गई नारेबाजी के बीच राज्य विधानमंडल का संयुक्त सत्र यहां राज्यपाल के संबोधन के साथ शुरू हुआ।
पूर्व मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व में वाईएसआरसीपी के विधायकों ने बाद में सदन से बहिर्गमन कर दिया।
रेड्डी लगभग एक साल बाद सदन में उपस्थित हुए और इससे पहले वह 24 फरवरी 2025 को सदन में आए थे।
राज्यपाल ने कहा, ‘‘सरकार ने एकाग्रता और दृढ़ संकल्प के साथ आगे कदम बढ़ाया है। ‘स्वर्ण आंध्र विजन’ एक स्पष्ट आर्थिक मार्ग निर्धारित करता है जिसका लक्ष्य 2047 तक 55 लाख रुपये प्रति व्यक्ति आय वाली 308 लाख करोड़ रुपये की अर्थव्यवस्था का निर्माण करना है तथा इसके लिए लगातार विकास की उच्च दर हासिल की जाएगी।’’
उन्होंने कहा कि 2024 में सत्ता में आने के पहले ही वर्ष से राज्य सरकार ने अपनी प्रतिबद्धताओं को लागू करने के लिए तेजी से कदम उठाए हैं जिसकी शुरुआत ‘‘सुपर सिक्स’’ गारंटी को ‘‘सुपर-हिट’’ बनाकर की गई।
उन्होंने कहा कि ‘‘थल्लिकी वंदनम’’ के माध्यम से प्रति वर्ष 15,000 रुपये की वित्तीय सहायता सीधे 66 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं की माताओं के बैंक खातों में अंतरित की जाती है, जिससे वे वित्तीय तनाव के बिना शिक्षा प्राप्त कर सकें।
उन्होंने कहा कि पिछले स्वतंत्रता दिवस पर शुरू की गई ‘‘स्त्री शक्ति’’ मुफ्त बस यात्रा योजना ने राज्य भर में महिलाओं और ‘ट्रांसजेंडर’ की 37.8 करोड़ मुफ्त यात्राओं को संभव बनाया है।
इससे पहले जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया था कि बुधवार से शुरू होने वाले सत्र के 12 मार्च तक जारी रहने की संभावना है।
भाषा यासिर सिम्मी
सिम्मी

Facebook


