आंध्र प्रदेश: गोदावरी नदी में बाढ़ का प्रकोप बढ़ने की आशंका

आंध्र प्रदेश: गोदावरी नदी में बाढ़ का प्रकोप बढ़ने की आशंका

आंध्र प्रदेश: गोदावरी नदी में बाढ़ का प्रकोप बढ़ने की आशंका
Modified Date: August 1, 2026 / 03:00 pm IST
Published Date: August 1, 2026 3:00 pm IST

अमरावती, एक अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) ने चेतावनी दी है कि ऊपरी इलाकों में भारी बारिश के कारण गोदावरी नदी में बाढ़ की तीव्रता लगातार बढ़ने की आशंका है।

शुक्रवार शाम सात बजे तक भद्राचलम में जलस्तर 49.8 फुट, कुणावरम में 16.3 मीटर और पोलावरम में 10.2 मीटर दर्ज किया गया। वहीं, धवलेश्वरम कॉटन बैराज पर पानी की आवक और निकासी 5.3 लाख क्यूसेक से अधिक दर्ज की गई।

एपीएसडीएमए के प्रबंध निदेशक (एमडी) प्रखर जैन ने शुक्रवार देर रात जारी एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘ऊपरी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण गोदावरी नदी में बाढ़ का असर धीरे-धीरे बढ़ने की आशंका है, और शनिवार को धवलेश्वरम कॉटन बैराज पर दूसरा चेतावनी स्तर जारी किया जा सकता है।’’

उन्होंने बताया कि इस आशंका को देखते हुए पूर्वी और पश्चिमी गोदावरी, कोना सीमा, काकीनाडा, एलुरु और पोलावरम जिलों के प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है।

जैन ने कहा कि राहत व बचाव कार्यों के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की तीन टीम और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की तीन टीम को अमलापुरम, राजामहेंद्रवरम, चिंतूर, वीआर पुरम और जंगारेड्डीगुडेम में तैयार रखा गया है।

उन्होंने कहा कि चूंकि शनिवार को दूसरे स्तर की चेतावनी जारी होने के आसार हैं, इसलिए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों और पुनर्वास केंद्रों में पहुंचा दिया जाना चाहिए।

उन्होंने बताया, ‘‘धवलेश्वरम कॉटन बैराज पर पानी की आवक और निकासी 8.3 लाख क्यूसेक से अधिक तक पहुंच गई है। जल्द ही 10 लाख क्यूसेक का पहला चेतावनी स्तर और आज रात तक 13 लाख क्यूसेक पर दूसरा चेतावनी स्तर जारी होने की आशंका है।’’

जैन ने बताया कि इस बीच, शनिवार को मान्यम, अल्लूरी सीताराम राजू, पोलावरम, अनकापल्ली, काकीनाडा, कोना सीमा, पूर्वी व पश्चिमी गोदावरी, एलुरु और तिरुपति जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

भाषा खारी शोभना

शोभना


लेखक के बारे में