आंध्र प्रदेश : चंद्रबाबू नायडू पर सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर वाईएसआरसीपी पदाधिकारी हिरासत में लिये गए
आंध्र प्रदेश : चंद्रबाबू नायडू पर सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर वाईएसआरसीपी पदाधिकारी हिरासत में लिये गए
अमरावती, 15 अप्रैल (भाषा) आंध्र प्रदेश पुलिस ने बुधवार को वाईएसआर कांग्रेस पार्टी की मीडिया शाखा के महासचिव श्रीहरी पुडी को मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के खिलाफ सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के संबंध में हिरासत में लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, पुडी को चित्तूर जिले के कुप्पम ले जाया जा रहा है, जहां उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हम उन्हें सोशल मीडिया मामले में लेकर आ रहे हैं। वह हमारे साथ हैं।” उन्होंने बताया कि पुडी को बुधवार को स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।
इस बीच, वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने पुडी को ‘गैरकानूनी’ तरीके से हिरासत में लिया, जब वह पूर्व मुख्यमंत्री वाई एस जगनमोहन रेड्डी के आवास से लौट रहे थे।
रेड्डी का आवास गुंटूर जिले के ताडेपल्ली गांव में स्थित है।
पार्टी की एक प्रेस विज्ञप्ति में पुडी की ‘गैरकानूनी गिरफ्तारी’ की निंदा करते हुए कहा गया है, ‘‘हिरासत के दौरान पुलिस ने उनका लैपटॉप और मोबाइल फोन जब्त कर लिया। अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि उन्हें कहां ले जाया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता और नागरिक स्वतंत्रता को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गई हैं।’’
पुडी, वाई एस जगनमोहन रेड्डी के आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री रहने के दौरान उनके मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) रह चुके हैं।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा

Facebook


