आशा पारेख, ए. आर. रहमान, सचिन तेंदुलकर ने दी आशा भोसले को श्रद्धांजलि

आशा पारेख, ए. आर. रहमान, सचिन तेंदुलकर ने दी आशा भोसले को श्रद्धांजलि

आशा पारेख, ए. आर. रहमान, सचिन तेंदुलकर ने दी आशा भोसले को श्रद्धांजलि
Modified Date: April 13, 2026 / 02:17 pm IST
Published Date: April 13, 2026 2:17 pm IST

मुंबई, 13 अप्रैल (भाषा) दिग्गज अभिनेत्री आशा पारेख, संगीतकार ए. आर. रहमान और क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर सहित तमाम जानीमानी हस्तियों ने सोमवार को यहां महान गायिका आशा भोसले को उनके निवास पर अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।

आशा भोसले का रविवार सुबह 92 वर्ष की आयु में ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया था।

कासा ग्रांडे स्थित उनके आवास पर अपराह्न तीन बजे तक उनके अंतिम दर्शन किए जा सकेंगे।

आशा भोसले के पार्थिव शरीर को सफेद लिली के फूलों से सजे कांच के ताबूत में रखा गया है। राजकीय सम्मान के तहत उनके पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटा गया है और पुलिस ने उन्हें रस्मी सलामी दी।

इस दौरान भोसले के पुत्र आनंद भोसले और पौत्री जनाई सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

भोसले के भाई-बहन उषा मंगेशकर और हृदयनाथ मंगेशकर भी उनके आवास पर मौजूद रहे। हृदयनाथ मंगेशकर व्हीलचेयर पर बैठे नजर आए। आशा की बड़ी बहन लता मंगेशकर का फरवरी 2022 में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।

आशा भोसले के साथ ‘‘तन्हा तन्हा’’, ‘‘रंगीला रे’’, ‘‘राधा कैसे ना जले’’ जैसे गीतों में काम कर चुके संगीतकार ए. आर. रहमान उनके निवास पर श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचने वाले शुरुआती लोगों में रहे।

इसके तुरंत बाद सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजलि तेंदुलकर के साथ पहुंचे। भोसले पिछले महीने ही तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर की शादी में शामिल हुईं थीं और यह उनकी अंतिम सार्वजनिक मौजूदगी थी।

अभिनेत्री आशा पारेख ने आशा भोसले को श्रद्धांजलि देने से पहले उनके परिवार से मुलाकात की।

अन्य प्रमुख हस्तियों में महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, गायक सुदेश भोसले, अभिनेत्री तब्बू, रितेश देशमुख, रेणुका शहाणे, फिल्म निर्माता राकेश रोशन और राकांपा (शप) नेता सुप्रिया सुले शामिल रहीं, जिन्होंने भोसले के परिवार को सांत्वना दीं।

उनकी अंतिम यात्रा निज निवास से शिवाजी पार्क श्मशान, दादर के लिए रवाना होगी, जहां अंतिम संस्कार शाम चार बजे किया जाएगा।

भाषा शोभना वैभव

वैभव


लेखक के बारे में