अशोक खरात का मुठभेड़ में किया जा सकता है सफाया: कांग्रेस सांसद प्रणीति शिंदे
अशोक खरात का मुठभेड़ में किया जा सकता है सफाया: कांग्रेस सांसद प्रणीति शिंदे
पुणे (महाराष्ट्र), 14 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस सांसद प्रणीति शिंदे ने मंगलवार को दावा किया कि बलात्कार के कई मामलों में गिरफ्तार स्वयंभू धर्मगुरु अशोक खरात को फर्जी मुठभेड़ में मारा जा सकता है क्योंकि उससे जुड़े और भी नाम सामने आने की संभावना है।
शिंदे ने यहां पत्रकारों से कहा, “मुझे लगता है कि खरात का मुठभेड़ में सफाया किया जाएगा। कारण स्पष्ट है, उससे जुड़े और भी नाम सामने आने की संभावना है। ये नाम भी सत्ता में बैठे लोगों से जुड़े हैं, जिनमें मंत्री भी शामिल हैं।”
उन्होंने कहा, “और भी सबूत सामने आ सकते हैं, लेकिन उससे पहले उसके (खरात के) साथ कुछ बुरा हो सकता है।”
खरात को नासिक पुलिस ने तीन साल से अधिक समय तक एक महिला के साथ बार-बार बलात्कार करने के आरोप में 18 मार्च को गिरफ्तार किया था। बाद की जांच में यौन शोषण, भूमि हड़पने और धोखाधड़ी के और भी मामले सामने आए। पिछले कुछ वर्षों में, कई प्रमुख नेता सिन्हार तहसील में खरात द्वारा निर्मित एक मंदिर में दर्शन करने गये थे।
शिंदे के दावे पर महाराष्ट्र के मंत्री एवं भाजपा नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि कुछ लोग जांच में सहयोग करने के बजाय निराधार दावे कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे दावे जांच की दिशा भटकाने का प्रयास प्रतीत होते हैं।
भाषा
राजकुमार सुरेश
सुरेश

Facebook


