ठाणे में मानसून शुरू होने के बाद बारिश से जुड़ी घटनाओं में 18 लोगों की मौत

Ads

ठाणे में मानसून शुरू होने के बाद बारिश से जुड़ी घटनाओं में 18 लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - July 28, 2026 / 01:10 PM IST,
    Updated On - July 28, 2026 / 01:10 PM IST

ठाणे, 28 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में जारी मानसून के दौरान बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि भूस्खलन, दीवार गिरने और बाढ़ के कारण 790 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

जिला प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार, इनमें से दो मौतें सोमवार को दर्ज की गईं।

जिला प्रशासन की रिपोर्ट में कहा गया है कि मौजूदा मानसून के दौरान जिले में बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में 17 लोग घायल हुए हैं।

मुंबई से सटे इस जिले में इस महीने कई दिनों तक भारी बारिश हुई, जिसके कारण विभिन्न इलाकों में दीवार गिरने और जलभराव की घटनाएं सामने आईं।

रिपोर्ट के अनुसार, 24 जुलाई से अब तक बाढ़ में बहने और जलाशयों में डूबने से चार लोग लापता हैं, जिनका पता लगाने के लिए प्रयास जारी हैं।

रिपोर्ट में कहा गया कि भूस्खलन, दीवार गिरने, नदियों में बाढ़ और बारिश से जुड़ी अन्य आपदाओं के कारण 229 परिवारों के कुल 797 लोग प्रभावित हुए हैं। इन लोगों को राहत शिविरों में ठहराया गया है।

भारी बारिश के कारण कुल 187 मकान या तो पूरी तरह ढह गए हैं या वे आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गये। इसके अलावा तेज बारिश और हवाओं की वजह से पांच झोपड़ियां, एक सामुदायिक भवन और एक आंगनवाड़ी केंद्र भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, खराब मौसम के दौरान जिले में तीन मुर्गी पालन केंद्र को भी नुकसान पहुंचा है।

जिला प्रशासन प्रभावित इलाकों में राहत और पुनर्बहाली के कार्य लगातार जारी रखे हुए है।

भाषा तान्या माधव

माधव