महाराष्ट्र: सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक से 70 लाख रुपये की ठगी, पांच के खिलाफ मामला दर्ज

Ads

महाराष्ट्र: सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक से 70 लाख रुपये की ठगी, पांच के खिलाफ मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 05:00 PM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 05:00 PM IST

ठाणे, 27 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 28 वर्षीय युवक से 70 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है और इस संबंध में पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने युवक को राज्य के राजस्व एवं वन विभाग में ‘क्लर्क-सह-टाइपिस्ट’ की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। उसका विश्वास जीतने के लिए उन्होंने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की फर्जी मुहर और हस्ताक्षर वाला नियुक्ति पत्र तथा उसके नाम से एक नकली सरकारी पहचान पत्र भी तैयार कर उसे सौंप दिया।

इन दस्तावेजों को असली मानकर युवक ने पिछले एक वर्ष के दौरान अलग-अलग किस्तों में आरोपियों को कुल 70 लाख रुपये दे दिए। हालांकि, लंबे समय तक नौकरी नहीं मिलने पर उसे ठगी का एहसास हुआ।

पुलिस ने बताया कि जब पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और उसे धमकी भी दी।

पीड़ित की शिकायत के आधार पर नरपोली पुलिस थाने में शुक्रवार को पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा

राखी नरेश रंजन

रंजन