मुंबई, दो फरवरी (भाषा) शरद पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के विधायक रोहित पवार ने सोमवार को नेताओं और जनता से अपने चाचा अजित पवार के निधन के बाद राजनीतिक चर्चाओं से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि यह समय शोक और चिंतन का है।
महाराष्ट्र विधानसभा के दो बार के सदस्य रोहित पवार ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ एक पोस्ट में कहा कि अजित पवार के निधन से हुआ दुख वर्तमान में चल रही किसी भी राजनीतिक बहस से कहीं अधिक है।
रोहित पवार ने कहा, ‘‘उनके (अजित पवार) चले जाने से हम सब शोकाकुल हैं, और ऐसे माहौल में राजनीतिक चर्चाओं में शामिल होना उचित नहीं है।’’
उन्होंने आगे कहा कि अगर अजित पवार जीवित होते, तो स्थिति अलग होती और उनकी उपस्थिति में राजनीतिक चर्चाएं नहीं होतीं।
कर्जत-जामखेड के विधायक रोहित पवार ने कहा, ‘‘पवार परिवार के सदस्य के नाते मैं सभी से विनम्रतापूर्वक अनुरोध करता हूं कि कम से कम अभी के लिए, ऐसे किसी भी बयान या चर्चा से बचें, जो उनके विचारों को ठेस पहुंचा सकती है या उनके स्पष्टवादी और बेबाक स्वभाव के विरुद्ध हो।’’
रोहित पवार ने कहा कि भविष्य में राजनीतिक चर्चाओं के लिए पर्याप्त अवसर होंगे, लेकिन साथ ही उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ‘‘आज इसके लिए सही समय नहीं है।’’
बारामती में 28 जनवरी को हुए विमान हादसे में अजित पवार की मृत्यु हो गई थी। उनके निधन के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और राकांपा (शप)के विलय की प्रक्रिया को लेकर अटकलें और अलग-अलग बयान सामने आए थे।
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप