शिंदे को मुख्यमंत्री और फडणवीस को राष्ट्रीय भूमिका में देखने के कडू के सुझाव पर बावनकुले भड़के

Ads

शिंदे को मुख्यमंत्री और फडणवीस को राष्ट्रीय भूमिका में देखने के कडू के सुझाव पर बावनकुले भड़के

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 09:45 PM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 09:45 PM IST

अमरावती, आठ जून (भाषा) शिवसेना नेता बच्चू कड़ु ने सोमवार को अपने उस सुझाव को दोहराया कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री के पद पर पदोन्नत किया जाना चाहिए और वर्तमान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को व्यापक राष्ट्रीय राजनीति में कदम रखना चाहिए।

उनके इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश के राजस्व मंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि किसी को भी पहले अपने विचार पार्टी के भीतर रखने चाहिए और अपने वरिष्ठ नेताओं से परामर्श करने के बाद ही कुछ बोलना चाहिए।

विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) कड़ू ने अमरावती में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए यह टिप्पणी की। उन्होंने रविवार को भंडारा में भी एक बयान दिया था, जिसमें उन्होंने अपनी पार्टी के प्रमुख शिंदे को मुख्यमंत्री बनाने की वकालत की थी।

कड़ु ने कहा, ‘मेरे कहने का मतलब यह था कि एक शिवसैनिक होने के नाते हम निश्चित रूप से चाहेंगे कि एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री बनें। क्या हम कभी कहेंगे कि मुख्यमंत्री एआईएमआईएम या कांग्रेस का होना चाहिए? शिवसेना हमारे दिल और दिमाग में है, और हम चाहते हैं कि महाराष्ट्र में शिवसेना का ही मुख्यमंत्री हो।’

कड़ु ने यह भी स्पष्ट किया कि फडणवीस को राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका मिलनी चाहिए ताकि देश भर में महाराष्ट्र की आवाज सुनी जा सके। उन्होंने कहा, ‘हर कोई उनसे यही उम्मीद कर रहा है।’

बावनकुले ने कहा कि अगर कोई ऐसे मुद्दों पर बात करना चाहता है, तो उसे अपने वरिष्ठ पार्टी नेताओं से सलाह लेने के बाद ही बोलना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘गठबंधन की समन्वय समिति ने यही तय किया है। समन्वय समिति जो भी तय करेगी, उसका भाजपा, शिवसेना और राकांपा में सभी को पालन करना होगा।’

भाषा सुमित माधव

माधव