आंध्र: दौलेश्वरम में गोदावरी नदी में बाढ़ के पानी का प्रवाह घटा, सतर्कता बनाये रखने की सलाह

Ads

आंध्र: दौलेश्वरम में गोदावरी नदी में बाढ़ के पानी का प्रवाह घटा, सतर्कता बनाये रखने की सलाह

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 03:57 PM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 03:57 PM IST

अमरावती, तीन अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) ने कहा है कि पूर्वी गोदावरी जिले के दौलेश्वरम बैराज पर गोदावरी नदी की बाढ़ के पानी के प्रवाह में कुछ कमी आई है।

हालांकि, नदी के किनारे स्थित गांवों में रहने वाले लोगों को बाढ़ का पानी पूरी तरह उतरने तक सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

रविवार तक दौलेश्वरम बैराज पर 14.1 लाख क्यूसेक पानी की आवक दर्ज की गई।

एपीएसडीएमए के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘दौलेश्वरम बैराज पर बाढ़ के पानी के प्रवाह में कुछ कमी आई है। हालांकि, नदी के तटीय गांवों में रहने वाले लोग तब तक सतर्क रहें, जब तक बाढ़ का पानी पूरी तरह नहीं उतर जाता।’’

उन्होंने कहा कि सोमवार को पार्वतीपुरम मन्यम, अल्लूरी सीताराम राजू और पोलावरम जिलों के कुछ स्थानों पर बादल गरजने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

उन्होंने यह भी बताया कि श्रीकाकुलम, विजयनगरम, विशाखापत्तनम, पश्चिम गोदावरी, कृष्णा, एनटीआर, गुंटूर, बापटला, पलनाडु और रायलसीमा के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश होने की संभावना है।

भाषा गोला सुरेश

सुरेश