भाजपा नेता मुनगंटीवार ने कोयला परिशोधन इकाई के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, प्रदूषण का मामला उठाया

भाजपा नेता मुनगंटीवार ने कोयला परिशोधन इकाई के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, प्रदूषण का मामला उठाया

भाजपा नेता मुनगंटीवार ने कोयला परिशोधन इकाई के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, प्रदूषण का मामला उठाया
Modified Date: April 21, 2026 / 03:53 pm IST
Published Date: April 21, 2026 3:53 pm IST

चंद्रपुर (महाराष्ट्र), 21 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक और पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने चंद्रपुर जिले के एक गांव में कथित प्रदूषण से फसल को पहुंच रहे नुकसान को लेकर एक कंपनी और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एमपीसीबी) के एक अधिकारी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

भाजपा नेता ने बताया कि एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को रामनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। इस प्रतिनिधिमंडल में मुनंगटीवार के अलावा चंद्रपुर तहसील के बेलसनी गांव के कुछ किसान शामिल थे।

शिकायत में चंद्रपुर के विधायक ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा 2024 से संचालित ‘कोयला परिशोधन’ इकाई के कारण बड़े पैमाने पर पर्यावरणीय प्रदूषण हुआ है।

उन्होंने दावा किया है कि इस प्रदूषण के कारण कपास, सोयाबीन और अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है और पशुधन भी मारे गए हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ने का दावा किया।

मुनगंटीवार ने बताया कि सरकार द्वारा गठित एक समिति ने इस मामले में निरीक्षण किया था और प्रभावित किसानों के लिए कुल 68,61,864 रुपये के मुआवजे का आकलन किया था। हालांकि, यह राशि अभी तक कंपनी से वसूल नहीं की गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि एमपीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभाने में नाकाम रहे और उन्होंने कंपनी से पैसा वसूलने के लिए कोई कदम नहीं उठाया।

उन्होंने इस मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी और दोषी कंपनी, दोनों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

भाषा

प्रचेता पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में