आंध्र प्रदेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच स्वच्छ ऊर्जा, विनिर्माण, शिक्षा और कौशल विकास पर समझौते
आंध्र प्रदेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच स्वच्छ ऊर्जा, विनिर्माण, शिक्षा और कौशल विकास पर समझौते
अमरावती, दो अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश सरकार और ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को स्वच्छ ऊर्जा, उन्नत विनिर्माण, समावेशी शिक्षा, विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य तथा कौशल विकास से जुड़े चार समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
इन समझौतों पर आंध्र प्रदेश के शिक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री नारा लोकेश और ऑस्ट्रेलिया के अंतरराष्ट्रीय शिक्षा, नागरिकता, सीमा शुल्क एवं बहुसांस्कृतिक मामलों के सहायक मंत्री जूलियन हिल की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए।
लोकेश ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘ये साझेदारियां हमारी हालिया ऑस्ट्रेलिया यात्रा का प्रत्यक्ष परिणाम हैं और शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार तथा कार्यबल विकास के क्षेत्रों में आंध्र प्रदेश और ऑस्ट्रेलिया की संस्थानों के बीच बढ़ते सहयोग को दर्शाती हैं।’
उन्होंने कहा कि ये समझौते ऑस्ट्रेलिया में प्रमुख विश्वविद्यालयों, अनुसंधान संस्थानों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और सरकारी प्रतिनिधियों के साथ हुई चर्चाओं के बाद किए गए हैं। इस दौरान उन्होंने आंध्र प्रदेश में निवेश अनुकूल वातावरण की जानकारी दी और ऑस्ट्रेलिया की संस्थानों को राज्य के साथ साझेदारी के लिए आमंत्रित किया।
इससे पहले मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने जूलियन हिल के नेतृत्व वाले ऑस्ट्रेलिया के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और आंध्र प्रदेश के आर्थिक बदलाव, निवेश की संभावनाओं तथा विकास संबंधी पहलों की जानकारी दी।
भाषा
शुभम खारी
खारी

Facebook


