महाराष्ट्र के सांगली में सड़क हादसे में भाजपा विधायक सुधीर गाडगिल चोटिल हुए
महाराष्ट्र के सांगली में सड़क हादसे में भाजपा विधायक सुधीर गाडगिल चोटिल हुए
सांगली, 27 जून (भाषा) महाराष्ट्र के सांगली ज़िले में शनिवार दोपहर भाजपा विधायक सुधीर गाडगिल की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा रत्नागिरि-नागपुर राजमार्ग पर वाड्डी और कृष्णा घाट के बीच एक सर्विस रोड पर हुआ।
इसने कहा कि कथित तौर पर एक मोटरसाइकिल सवार ने अपने दुपहिया वाहन को विधायक की गाड़ी के सामने अचानक पीछे की तरफ मोड़ लिया।
अधिकारियों ने बताया कि गाडगिल की कार के चालक ने दो-पहिया वाहन से टक्कर बचाने की कोशिश की, लेकिन मोटरसाइकिल कार से टकरा गई।
उन्होंने कहा कि टक्कर के कारण कार के ‘एयरबैग’ खुल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
अधिकारियों के अनुसार, सांगली निर्वाचन क्षेत्र के विधायक गाडगिल की एक उंगली में मामूली चोट आई, जबकि मोटरसाइकिल सवार घायल हो गया और उसे मिराज सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
भाजपा विधायक कर्नाटक के उगार में एक कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद सांगली लौट रहे थे।
भाषा राजकुमार नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


