बाल ठाकरे पर टिप्पणी: भाजपा-शिवसेना ने पूर्व महापौर पेडनेकर को निलंबित करने की मांग की

Ads

बाल ठाकरे पर टिप्पणी: भाजपा-शिवसेना ने पूर्व महापौर पेडनेकर को निलंबित करने की मांग की

  •  
  • Publish Date - April 16, 2026 / 10:12 PM IST,
    Updated On - April 16, 2026 / 10:12 PM IST

मुंबई, 16 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिवसेना ने मुंबई महानगरपालिका की एक बैठक के दौरान दिवंगत बाल ठाकरे के खिलाफ कथित “गलत और निंदनीय” टिप्पणी को लेकर बृहस्पतिवार को विपक्ष की नेता किशोरी पेडनेकर के निलंबन की मांग की।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की आमसभा की कार्यवाही में उस समय कई बार व्यवधान आया, जब भाजपा और शिवसेना के पार्षदों ने शिवसेना (उबाठा) नेता और पूर्व महापौर पेडनेकर से माफी की मांग की।

संवाददाताओं से बातचीत में महापौर भाजपा की ऋतु तावड़े और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के उप महापौर संजय घाड़ी ने कहा कि पेडनेकर की टिप्पणी ‘गलत और आपत्तिजनक’ थी।

तावड़े ने कहा, ‘क्या आपने बालासाहेब (ठाकरे) को खरीद लिया है? यह बेहद गलत, गैर-जिम्मेदाराना और निंदनीय बयान है।’

उन्होंने कहा कि उन्होंने इस बयान को ध्यान से सुना है और यह सदन के रिकॉर्ड पर है।

महापौर ने बताया कि पेडनेकर ने यह टिप्पणी वित्त वर्ष 2026-27 के बीएमसी बजट पर चर्चा के दौरान पूर्व महापौर विशाखा राउत द्वारा महापौर के सम्मान को लेकर उठाए गए ‘व्यवस्था के प्रश्न’ पर प्रतिक्रिया देते हुए की थी।

तावड़े के अनुसार, सदन के नेता गणेश खणकर (भाजपा) ने इस बयान पर आपत्ति जताई और मांग की कि पेडनेकर बाल ठाकरे पर अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगें।

उन्होंने मुंबई महानगरपालिका अधिनियम की धारा 36ए के तहत उनके निलंबन की भी मांग की।

उप महापौर घाड़ी ने कहा कि अगर पेडनेकर माफी नहीं मांगती हैं, तो उन्हें निलंबित किया जाना चाहिए। हम इस मांग पर अड़े रहेंगे। बीएमसी में जो कुछ भी हुआ वह निंदनीय था।

भाषा सुमित प्रशांत

प्रशांत