बुलेट ट्रेन: 1,000 किलोमीटर से अधिक दूरी से लाकर महाराष्ट्र में पहला स्टील पुल स्थापित
बुलेट ट्रेन: 1,000 किलोमीटर से अधिक दूरी से लाकर महाराष्ट्र में पहला स्टील पुल स्थापित
ठाणे (महाराष्ट्र), 29 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में महत्वाकांक्षी मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए 100 मीटर लंबे और 1,405 मीट्रिक टन वजनी पुल को स्थापित किया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के तहत महाराष्ट्र में स्थापित किया गया स्टील का यह पहला पुल है। उन्होंने बताया कि इस पुल को तमिलनाडु के त्रिची में स्थित एक कार्यशाला से 1,300 किलोमीटर दूर से ट्रेलरों के जरिए लाया गया और इसे स्थापित करने के लिए मौके पर जोड़कर तैयार किया गया।
नेशनल हाई-स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि 14 मीटर ऊंचे और इतने ही मीटर चौड़े इस पुल को सोमवार को ठाणे के भिवंडी क्षेत्र के दीवे-अंजुर गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग-3 के ऊपर स्थापित किया गया।
विज्ञप्ति के अनुसार, इस पुल को स्थापित किए जाने के साथ ही पूरे बुलेट ट्रेन गलियारे में प्रस्तावित कुल 28 स्टील पुलों में से 16 का काम पूरा हो गया है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत देश की स्वदेशी तकनीकी और सामग्री संबंधी क्षमता का उदाहरण पेश करने वाला यह पुल त्रिची की एक विशेष कार्यशाला में तैयार किया गया।
पुल को स्थापित करने का जटिल काम संरचनात्मक सुरक्षा सुनिश्चित करने और राजमार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को कम से कम परेशानी हो, इसे ध्यान में रखते हुए सावधानीपूर्वक पूरा किया गया।
पुल में टिकाऊपन बढ़ाने और कंपन को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षात्मक ‘पेंटिंग’ प्रणाली और ‘इलास्टोमेरिक बेयरिंग’ भी लगाए गए हैं।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि राजमार्ग पर रात के लिए निर्धारित यातायात अवरोध के दौरान एक स्वचालित प्रणाली की मदद से तैयार पुल को खींचकर तय स्थान पर पहुंचाया गया।
महाराष्ट्र के मुंबई और गुजरात के अहमदाबाद को जोड़ने वाली देश की पहली 508 किलोमीटर लंबी समर्पित हाई-स्पीड रेल लाइन का उद्देश्य दोनों शहरों के बीच यात्रा के समय में काफी कमी लाना है।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा

Facebook


