ठाणे में कैब चालक ने बुजुर्ग से की मारपीट; शिंदे का हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करने का निर्देश

ठाणे में कैब चालक ने बुजुर्ग से की मारपीट; शिंदे का हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करने का निर्देश

ठाणे में कैब चालक ने बुजुर्ग से की मारपीट; शिंदे का हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करने का निर्देश
Modified Date: June 10, 2026 / 08:42 pm IST
Published Date: June 10, 2026 8:42 pm IST

ठाणे, 10 जून (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शहर की पुलिस को उस कैब चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करने का निर्देश दिया है, जिसने सड़क पर थूकने का विरोध करने पर एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ कथित तौर पर मारपीट की थी।

शिंदे के कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, किसी और राज्य के निवासी कैब चालक ने मंगलवार शाम को जुपिटर अस्पताल के पास सड़क पर थूकने का विरोध करने पर बुजुर्ग व्यक्ति पर कथित रूप से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

बयान में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए एक वीडियो में चालक बुजुर्ग व्यक्ति को मारने के लिए पत्थर उठाता हुआ भी दिखाई दे रहा है। इसमें आगे बताया गया कि शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने चालक को ढूंढ निकाला, ‘उसे सबक सिखाया’ और फिर उसे वर्तक नगर पुलिस थाने के हवाले कर दिया।

बयान के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा, ‘अगर किसी व्यक्ति द्वारा सिर्फ गंदगी फैलाने (सड़क पर थूकने) की बात के लिए टोकने पर उस पर इतनी बेरहमी से हमला किया जाता है, तो इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’

उन्होंने ठाणे के पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे को आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज करने का निर्देश दिया।

इस बीच, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है, क्योंकि पीड़ित खुद शिकायत दर्ज कराने के लिए आगे नहीं आए हैं।

ठाणे शहर एकनाथ शिंदे का राजनीतिक गढ़ माना जाता है।

भाषा

सुमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में