पुणे, 23 फरवरी (भाषा) कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि सोमवार को पुणे के स्वारगेट इलाके में एक मराठी समाचार चैनल के स्टूडियो में चर्चा के दौरान हुए विवाद के बाद कथित तौर पर कुछ दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला किया।
कांग्रेस की पुणे शहर इकाई के प्रवक्ता हनुमंत पवार ने चर्चा में हिस्सा लेने वाले विशेषज्ञों में से एक तुषार दमगुडे और उनके पांच सहयोगियों पर हमला करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ‘‘हरियाणा के सिकरी स्थित एक बैंक्वेट हॉल के शौचालय के दरवाजों पर छत्रपति शिवाजी महाराज और महारानी पद्मिनी के चित्र लगे हुए एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा हुई। चर्चा के दौरान, मैंने यह मुद्दा उठाया कि भाजपा नेता नियमित रूप से छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान करते हैं।’’
पवार ने यह भी कहा, ‘‘कार्यक्रम के दौरान मुझे महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने फोन कॉल किया। चर्चा खत्म होते ही मैं उन्हें फोन करने बाहर गया। इसी वक्त दमगुडे और उनके साथियों ने मुझे गालियां देना शुरू कर दिया। उन्होंने मुझसे पूछा कि जब दमगुडे ने सपकाल के खिलाफ बोला तो मुझे गुस्सा क्यों आया।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि दगमुडे ने उनसे पूछा कि वह भाजपा के खिलाफ क्यों बोल रहे हैं और अपनी कमर पर बंधी पिस्तौल की ओर इशारा किया।
पवार ने दावा किया, ‘‘जब मैंने उनसे कहा कि मैं ऐसी धमकियों से नहीं डरता, तो उन्होंने मुझे थप्पड़ मारा और मुझ पर हमला किया।’’
स्वारगेट पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक यशवंत निकम ने बताया कि पवार की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है और मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
इस बीच, हर्षवर्धन सपकाल ने पवार पर हुए कथित हमले की निंदा की।
भाषा सुरेश शोभना
शोभना