मुंबई, 18 फरवरी (भाषा) कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि वह ‘‘किसानों की दुर्दशा, रोजगार और महिलाओं की सुरक्षा’’ को लेकर महाराष्ट्र भर में जल्द ही विरोध प्रदर्शन शुरू करेगी। इसके साथ ही कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर विकास के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया।
पार्टी की एक बैठक के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला ने कहा कि वे आगामी वर्ष में विभिन्न इकाइयों को सुदृढ़ कर संगठन को मजबूत बनाने पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें विकास के नाम पर राजनीति कर रही हैं।
उन्होंने कहा, “किसानों की समस्याएं गंभीर हो गई हैं और आत्महत्या की घटनाएं बढ़ गई है। बेरोजगारी बढ़ रही है, महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं और कानून-व्यवस्था की स्थिति गंभीर हो गई है।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्य सरकार को जवाबदेह ठहराने के लिए विरोध प्रदर्शनों और रैलियों के माध्यम से इन मुद्दों को उजागर करेगी।
हाल ही में संपन्न स्थानीय निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए चेन्निथला ने भाजपा पर प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग करने और भारी मात्रा में धन का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
उन्होंने आरोप लगाया, “सत्ताधारी दल ने लोकतंत्र की हत्या कर दी है।”
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद बहादुरी से संघर्ष किया और उत्साहजनक परिणाम हासिल किए।
उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की भी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि निवेश महाराष्ट्र को दरकिनार कर पड़ोसी राज्य गुजरात की ओर जा रहा है।
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री के पास विकास के लिए समय नहीं है और वे राजनीति और आंतरिक विवादों में व्यस्त हैं।”
चंद्रपुर महापौर चुनाव में कांग्रेस को मिली हार पर चेन्निथला ने कहा कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) ने शुरुआत में उनकी पार्टी से समर्थन मांगा था, लेकिन आखिरी समय में उसने भाजपा का साथ दिया।
हालांकि, उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने परभणी में भाजपा को सत्ता से बाहर रखने के लिए शिवसेना (उबाठा) का समर्थन किया।
उन्होंने कहा कि चंद्रपुर में कांग्रेस के भीतर कोई आंतरिक मतभेद नहीं थे।
विमान दुर्घटना में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन का जिक्र करते हुए चेन्निथला ने इस घटना को ‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया। उन्होंने कहा कि अगर परिवार ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच का अनुरोध किया है, तो केंद्र को इसके लिए आदेश देना चाहिए।
आगामी राज्यसभा चुनावों के बारे में पूछे जाने पर, उन्होंने कहा कि अभी तक किसी ने भी कांग्रेस से संपर्क नहीं किया है और ऐसा प्रस्ताव मिलने पर पार्टी नेतृत्व से परामर्श के बाद ही निर्णय लिया जाएगा।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश