रोहित पवार ने विमान दुर्घटना की जांच पूरी होने तक नागर विमानन मंत्री को हटाने की मांग की

Ads

रोहित पवार ने विमान दुर्घटना की जांच पूरी होने तक नागर विमानन मंत्री को हटाने की मांग की

  •  
  • Publish Date - February 18, 2026 / 03:54 PM IST,
    Updated On - February 18, 2026 / 03:54 PM IST

मुंबई, 18 फरवरी (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) विधायक रोहित पवार ने बुधवार को मांग की कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे की जांच पूरी होने तक नागर विमानन मंत्री के राममोहन नायडू को उनके पद से हटा दिया जाए।

राकांपा नेता अजित पवार के भतीजे रोहित ने यह भी दावा किया कि वीएसआर कंपनी को बचाया जा रहा है। कंपनी का लीयरजेट विमान पिछले महीने पुणे के बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि नागर विमानन मंत्री और उनकी पार्टी (तेलुगु देशम पार्टी) वीएसआर कंपनी के मालिकों के करीबी हैं।

उन्होंने दावा किया, ‘‘महाराष्ट्र के कुछ पूर्व मंत्रियों और आंध्र प्रदेश के शीर्ष तेदेपा मंत्रियों ने वीएसआर के मालिक वीके सिंह के बेटे रोहित सिंह की शादी में शिरकत की थी। कंपनी को संचालन की अनुमति प्राप्त है और शीर्ष नेता अभी भी कंपनी के लीयरजेट विमानों का इस्तेमाल कर रहे हैं।’’

रोहित पवार ने कहा कि नैतिक आधार पर नायडू को नागर विमानन मंत्री के पद पर नहीं रहना चाहिए। राकांपा (शप) नेता ने कहा कि अभी तक प्रारंभिक जांच रिपोर्ट भी नहीं आई है, और यह मानने का कारण है कि वीएसआर कंपनी को बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि उनकी चाची और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार सहित राकांपा नेतृत्व ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की और विमान हादसे में अजित पवार की मौत के मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराए जाने की मांग की।

सुनेत्रा पवार, राकांपा के वरिष्ठ नेताओं सुनील तटकरे, प्रफुल्ल पटेल, हसन मुश्रीफ और बड़े बेटे पार्थ पवार के साथ मंगलवार को फडणवीस से मिलीं और सीबीआई जांच की मांग करते हुए एक पत्र सौंपा। रोहित पवार ने कहा, ‘‘मैंने जो कई मुद्दे उठाए थे, उन्हें पत्र में शामिल किया गया।’’

उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष होनी चाहिए और रिपोर्ट को एक ऐसी समिति को सौंपा जाना चाहिए जिसमें विमानन विशेषज्ञ और नेता शामिल हों।

राकांपा नेता अजित पवार और चार अन्य लोगों की 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती में हुए विमान हादसे में मौत हो गई थी।

विमान दुर्घटना जांच एजेंसी, एएआईबी ने मंगलवार को कहा कि दुर्घटना में शामिल विमान के कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) से डेटा प्राप्त करने के लिए विशेष सहायता मांगी गई है।

रोहित पवार ने कहा कि उनके परिवार ने उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है क्योंकि उन्होंने ‘‘ऊंचे और प्रभावशाली’’ लोगों से पंगा लिया है।

उन्होंने दावा किया, ‘‘मुझे हैरानी होती है कि मेरे चाचा के लिए न्याय मांगने पर भाजपा के ट्रोल मेरी आलोचना क्यों कर रहे। एक सत्यापित हैंडल वाले ट्रोल ने विमान दुर्घटना से दो दिन पहले राज्य में राजनीतिक भूकंप की बात कही थी।’’

विधायक ने यह भी कहा कि यदि इस हादसे के पीछे कोई राजनीतिक पहलू है, तो वह दो संभावनाओं से जुड़ा हो सकता है। पहली, यह अटकलें कि शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शप) के राकांपा में विलय के बाद उसके राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होने की संभावना। दूसरी, विलय के बाद अजित पवार के राजग से अलग होने की संभावना। उन्होंने दावा किया कि कुछ समूह दोनों ही स्थितियों से नाखुश थे।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश