अमरावती, 27 अक्टूबर (भाषा) आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने सोमवार को कहा कि चक्रवात मोन्था ने दस्तक दे दी है।
जैन ने कहा कि इसके एक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है और इस दौरान तटीय जिलों में बारिश हो रही है और तेज हवाएं चल रही हैं।
जैन ने एक विज्ञप्ति में कहा, “चक्रवाती तूफान ने दस्तक दे दी है। तटीय जिलों में तूफान के साथ बारिश हो रही है।” उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे यह तूफान जमीन की ओर बढ़ेगा, इसकी तीव्रता और बढ़ेगी।
उनके अनुसार, पिछले छह घंटों में हवा 18 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चली।
सोमवार शाम तक यह विशाखापत्तनम से लगभग 560 किलोमीटर दूर स्थित था और मंगलवार सुबह तक इसके एक गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है।
जैन ने कहा, “चक्रवाती तूफान के 28 अक्टूबर की शाम या रात में एक गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में काकीनाडा के निकट आंध्र प्रदेश तट को पार करने की संभावना है।”
उन्होंने तटीय जिलों के लोगों से सतर्क रहने और अधिकारियों द्वारा जारी सुरक्षा सलाह का पालन करने का आग्रह किया।
भाषा
प्रशांत मनीषा
मनीषा