महाराष्ट्र में एसआईआर अभियान की समयसीमा 10 दिन बढ़ी, मसौदा मतदाता सूची 17 अगस्त को होगी जारी

Ads

महाराष्ट्र में एसआईआर अभियान की समयसीमा 10 दिन बढ़ी, मसौदा मतदाता सूची 17 अगस्त को होगी जारी

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 10:26 PM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 10:26 PM IST

मुंबई, 17 जुलाई (भाषा) निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र में जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की अवधि 10 दिन बढ़ा दी है, जिससे यह अभियान 29 जुलाई के बजाय आठ अगस्त को पूरा होगा। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

आयोग की एक अधिसूचना के अनुसार, राज्य की मसौदा मतदाता सूची अब पांच अगस्त के बजाय 17 अगस्त को प्रकाशित की जाएगी।

अधिसूचना में कहा गया है कि मतदाता सूची में दावे और आपत्तियां दर्ज करने की अवधि 17 अगस्त से 16 सितंबर तक होगी, जबकि इनका निपटारा 15 अक्टूबर तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 19 अक्टूबर को होगा।

इसके अनुसार, यह अभियान राज्य में 30 जून से शुरू हुआ था। यह आयोग के मतदाता सूची को अद्यतन करने और उसके सत्यापन के प्रयासों का हिस्सा है।

अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हाल में हुई भारी बारिश को देखते हुए राजनीतिक दलों और मतदान कर्मियों के अनुरोध पर अभियान की समयसीमा बढ़ाई गई है।

उन्होंने बताया कि एसआईआर अभियान के तहत बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन कर रहे हैं। सटीक पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए मतदाताओं को जरूरत के अनुसार गणना-प्रपत्र और सहायक दस्तावेज जमा करने होंगे।

भाषा प्रचेता सुरेश

सुरेश