मुंबई, 15 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि सीबीआई दिशा सालियान की मौत के प्रकरण की जांच करेगी और इस मामले में किसी भी तरह की अटकलें लगाना ठीक नहीं है।
राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद फडणवीस ने यहां पत्रकारों से कहा कि उन्होंने अभी तक प्राथमिकी नहीं देखी है।
उन्होंने कहा कि अदालत ने मामले को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने का निर्देश दिया था, और इसके बाद एजेंसी ने प्राथमिकी दर्ज की।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमें अब देखना चाहिए कि सीबीआई क्या जांच करती है। हमारे लिए अटकलें लगाना ठीक नहीं है।’’
सीबीआई ने दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर रहीं सालियान के पिता सतीश सालियान की याचिका पर उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में प्राथमिकी दर्ज की, जिसमें किसी आरोपी का नाम नहीं लिखा गया है।
उच्च न्यायालय ने दो सितंबर को सालियान की मौत के मामले में सीबीआई जांच का आदेश दिया था और छह साल तक प्राथमिकी दर्ज न करने को लेकर मुंबई पुलिस को फटकार लगाई थ्री। अदालत ने कहा कि पुलिस की जांच से जवाब मिलने के बजाय और सवाल खड़े होते हैं।
सालियान की 8 जून, 2020 को कथित तौर पर मलाड स्थित एक इमारत की 12वीं मंज़िल से गिरने से मौत हो गई थी। इसके एक हफ़्ते बाद, 14 जून, 2020 को अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे, जिससे लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और बाद में उनकी मौत के मामले में सीबीआई जांच कराई गई।
अपने बयान में, सालियान के पिता ने कई वरिष्ठ नेताओं, बॉलीवुड अभिनेताओं और पुलिस अधिकारियों के नाम लिए, तथा उनसे पूछताछ किए जाने की मांग की।
भाषा नेत्रपाल दिलीप
दिलीप