महाराष्ट्र में इस साल 25 करोड़ रुपये से अधिक का मादक पदार्थ जब्त किया गया, 97 लोग गिरफ्तार
महाराष्ट्र में इस साल 25 करोड़ रुपये से अधिक का मादक पदार्थ जब्त किया गया, 97 लोग गिरफ्तार
मुंबई, 18 जून (भाषा) मुंबई पुलिस के मादक पदार्थ रोधी प्रकोष्ठ (एएनसी) ने इस साल अब तक 25 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का 777 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया है और इस सिलसिले में 97 लोगों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए इन आरोपियों में से 38 मुख्य अपराधी थे, जिनके पास से 19.11 करोड़ रुपये का मादक पदार्थ जब्त किया गया था।
उन्होंने बताया कि जब्त किए गए केवल मेफेड्रोन की कीमत 15.93 करोड़ रुपये थी, जबकि बाकी मादक पदार्थों में ‘सिरप’ की बोतलें, चरस और हेरोइन शामिल थे।
अधिकारी ने बताया कि बांद्रा, माहिम, बीकेसी और बायकुला सहित शहर के विभिन्न हिस्सों से प्रतिबंधित पदार्थ जब्त किए गए।
उन्होंने बताया, “एजेंसी ने इस साल अब तक नशीले पदार्थों की तस्करी के 56 मामलों में 97 लोगों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 25.40 करोड़ रुपये मूल्य का 777 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया।
अधिकारी ने बताया कि इन मामलों की जांच के दौरान पता चला कि आरोपियों के गुजरात, बिहार, हैदराबाद, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश के मादक पदार्थ तस्करों से संबंध थे। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में आठ अफ्रीकी नागरिक शामिल हैं।
भाषा जितेंद्र सुभाष
सुभाष

Facebook


