पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण फिल्म ‘टॉक्सिक’ और ‘धुरंधर 2’ अब अलग-अलग तिथि पर रिलीज होंगी
पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण फिल्म ‘टॉक्सिक’ और ‘धुरंधर 2’ अब अलग-अलग तिथि पर रिलीज होंगी
मुंबई, पांच मार्च (भाषा) उद्योग विशेषज्ञों और फिल्म प्रदर्शकों का कहना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव फिल्म ‘धुरंधर 2’ और ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ के लिए मददगार साबित हुआ है क्योंकि पहले एक ही तिथि (19 मार्च) पर रिलीज होने वाली ये दोनों फिल्में अब अलग-अलग तारीख पर रिलीज की जाएंगी।
बुधवार को एक चौंकाने वाली घोषणा के तहत ‘टॉक्सिक’ के निर्माताओं ने कहा कि उन्होंने फिल्म की रिलीज को चार जून तक टालने का फैसला किया है, क्योंकि भू-राजनीतिक अनिश्चितता का असर खाड़ी क्षेत्र समेत दुनियाभर में टिकट खिड़की पर होने वाली कमाई पर पड़ सकता है।
इस फिल्म में कन्नड़ सुपरस्टार यश मुख्य भूमिका में हैं। आदित्य धर की जासूसी फिल्म ‘धुरंधर’ का दूसरा भाग, जिसमें रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं, अब 19 मार्च को रिलीज होने वाली एकमात्र बड़ी फिल्म होगी।
व्यापार विशेषज्ञ गिरीश वानखेड़े ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘जब दो फिल्में एक साथ रिलीज होती हैं, तो सिनेमाघरों के लिए यह तनावपूर्ण समय होता है क्योंकि दर्शक बंट जाते हैं। उदाहरण के लिए, यदि किसी सिनेमाघर में पांच शो हो सकते हैं, तो उन्हें एक फिल्म को तीन शो और दूसरी फिल्म को शेष दो शो देने पड़ते हैं।’’
वानखेड़े के अनुसार, दो बड़ी फिल्मों को एक ही तारीख पर रिलीज करने से फिल्म उद्योग को 150 करोड़ रुपये तक के नुकसान का डर था।
उन्होंने कहा, ‘‘ईरान-इजराइल युद्ध एक तरह से ‘वरदान’ साबित हुआ है, इस संघर्ष से भारतीय सिनेमा को फायदा हुआ है क्योंकि ‘धुरंधर 2’ और ‘टॉक्सिक’ दोनों ही अब अलग-अलग तिथि पर रिलीज होंगी।’’
‘धुरंधर’ का पहला संस्करण पांच दिसंबर को रिलीज हुआ था और इसने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1,300 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जिसमें से 1,000 करोड़ रुपये अकेले भारतीय बाजार से प्राप्त हुए थे।
‘पीवीआर आईएनओएक्स पिक्चर्स’ के सीईओ कमल ज्ञानचंदानी ने कहा कि हालांकि प्रदर्शक दो बड़ी फिल्मों की एक साथ रिलीज को संभालने के लिए सुसज्जित हैं, लेकिन इस तरह के टकराव से बचना लाभकारी स्थिति है।
भाषा संतोष प्रशांत
प्रशांत

Facebook


