ठाणे में दीवार गिरने की घटना में आठ वाहन क्षतिग्रस्त
ठाणे में दीवार गिरने की घटना में आठ वाहन क्षतिग्रस्त
ठाणे, 25 जून (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर में बृहस्पतिवार आधी रात को एक भूखंड की चाहरदीवारी ढह जाने से आठ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि ठाणे के वागले एस्टेट क्षेत्र में एक चॉल के पास खड़े वाहनों पर यह दीवार गिर गई।
तड़वी ने बताया कि इस हादसे में सात ऑटो-रिक्शा और एक मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई।
अधिकारी ने बताया कि इस घटना के संबंध में एक स्थानीय निवासी ने आपदा नियंत्रण कक्ष को रात 12 बजकर 34 मिनट पर सूचित किया था।
उन्होंने बताया कि ढहा हुआ ढांचा एक खुले भूखंड की चाहरदीवारी थी, जिसकी ऊंचाई करीब सात फुट और लंबाई लगभग 10 फुट थी।
अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही आपातकालीन दल मौके पर पहुंच गए और बचाव अभियान शुरू किया। बचावकर्मियों तथा अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने ढही हुई दीवार के भारी मलबे को हटाकर उसके नीचे फंसे वाहनों को बाहर निकाला।
उन्होंने बताया कि सड़क पर बिखरे मलबे को भी साफ कर दिया गया, जिससे यातायात सुचारू रूप से बहाल हो सका।
मानसून के सक्रिय होने के मद्देनजर अधिकारियों ने लोगों से पुरानी, जर्जर अथवा कमजोर और असुरक्षित दीवारों के पास अपने वाहन खड़े नहीं करने की अपील की है।
भाषा तान्या वैभव
वैभव

Facebook


