नागपुर में तेज रफ्तार एसयूवी ने सुबह की सैर पर निकले बुजुर्ग को कुचला, मौत
नागपुर में तेज रफ्तार एसयूवी ने सुबह की सैर पर निकले बुजुर्ग को कुचला, मौत
नागपुर, 30 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के नागपुर शहर में रविवार को सुबह की सैर पर निकले 74 वर्षीय व्यक्ति को तेज रफ्तार एसयूवी ने कुचल दिया, जिससे इस घटना में उनकी मौत हो गयी। मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि घटना में एसयूवी में सवार एक व्यक्ति घायल हो गया। यह हादसा सुबह करीब साढ़े पांच बजे सिविल लाइंस इलाके में जापानी गार्डन रोड पर हुआ, जो यहां मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास से एक किलोमीटर से भी कम दूरी पर है।
पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है और एसयूवी चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इलाके में तीन कार आपस में होड़ करते हुये तेज रफ्तार से दौड़ रही थीं, तभी उनमें से एक ने सड़क पर जा रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी।
गिट्टीखदान थाने के निरीक्षक सरन मिराशी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पुलिस यह पता लगाने के लिए जांच कर रही है कि घटना के समय एसयूवी में सवार लोग शराब के नशे में थे या नहीं।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक एसयूवी ने जब जापानी गार्डन के पास सुबह की सैर कर रहे कैलाश सोंडिया को टक्कर मारी तो उसमें तीन लोग सवार थे।
अधिकारी ने बताया कि हादसे में कैलाश सोंडिया के सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने एसयूवी चालक तुषार काकड़े और दो अन्य लोगों यश शिंदे तथा हिमांशु राउत को हिरासत में लिया है। अधिकारी ने बताया कि एसयूवी चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि घटना में एसयूवी में सवार एक व्यक्ति घायल हुआ है।
उन्होंने कहा कि पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना के समय एसयूवी में तीन से अधिक लोग तो सवार नहीं थे और क्या उनमें से कोई शराब के नशे में था।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ करेगी और रास्ते में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना में और भी कार शामिल थीं या नहीं और क्या वे सड़क पर रेस कर रही थीं या तेज रफ्तार से चल रही थीं।
भाषा गोला रंजन
रंजन

Facebook


