मुंबई, 22 जून (भाषा) महाराष्ट्र विधानमंडल परिसर में प्रवेश मंगलवार से चेहरा पहचान प्रणाली (फेस रिकग्निशन सिस्टम) के जरिए होगा। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।
उन्होंने प्रणाली में पंजीकरण में परेशानी का सामना कर रहे पत्रकारों, अधिकारियों और कर्मचारियों को एक दिन की छूट भी दी है।
विधानमंडल के मानसून सत्र के पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने सदन में कहा कि चेहरा पहचान प्रणाली को लागू करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
उन्होंने कहा, ‘इसलिए, यह निर्णय लिया गया है कि विधान भवन में प्रवेश चेहरा पहचान प्रणाली के माध्यम से ही होगा। अब तक अधिकांश विधायकों का पंजीकरण पूरा हो चुका है और उनका प्रवेश सुचारू रूप से हो रहा है।’
नार्वेकर ने कहा कि तकनीकी दिक्कतों के कारण कुछ पत्रकार, अधिकारी और कर्मचारी इस प्रणाली में अपना पंजीकरण पूरा नहीं कर पाए, इसलिए उन्हें आज छूट दी गई है और पहचान पत्रों के आधार पर प्रवेश की अनुमति दी गई है।
उन्होंने कहा कि मंगलवार से विधानमंडल परिसर में प्रवेश केवल इसी प्रणाली के माध्यम से ही दिया जाएगा।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव