फडणवीस ने टीसीएस और खरात समेत आपराधिक मामलों की समीक्षा की

Ads

फडणवीस ने टीसीएस और खरात समेत आपराधिक मामलों की समीक्षा की

  •  
  • Publish Date - April 18, 2026 / 08:30 PM IST,
    Updated On - April 18, 2026 / 08:30 PM IST

मुंबई, 18 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को गृह विभाग के साथ महत्वपूर्ण मामलों की समीक्षा की और पुलिस को गहन जांच और कड़ा अभियोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।

इस उच्च स्तरीय बैठक में पुलिस महानिदेशक, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह), विशेष जांच दल (एसआईटी) प्रमुख और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने टीसीएस की नासिक इकाई, स्वयंभू बाबा अशोक खरात, अमरावती में नाबालिगों और महिलाओं के यौन शोषण के मामलों के साथ-साथ मुंबई के गोरेगांव में एक संगीत कार्यक्रम में अधिक मात्रा में मादक पदार्थों के कथित सेवन से हुई मौतों की जांच का जायजा लिया।

खरात मामले में, फडणवीस ने पीड़ितों में विश्वास उत्पन्न करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा, “पीड़ितों को पूरा भरोसा दिलाया जाए। जो भी दोषी पाया जाए, उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। पुख्ता सबूत जुटाएं ताकि मामला अदालत में मजबूती से टिक सके। दोषियों को सजा दिलाना ही जांच का प्राथमिक उद्देश्य होना चाहिए।”

नासिक टीसीएस मामले की समीक्षा करते हुए, जिसमें कुछ महिला कर्मचारियों ने यौन उत्पीड़न और जबरन धर्म परिवर्तन के प्रयासों का आरोप लगाया है, फडणवीस ने व्यापक जांच का आह्वान किया।

उन्होंने कहा, “धर्म परिवर्तन जैसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी संभावित पहलुओं और कोणों की जांच करें; कोई भी पहलू छूटना नहीं चाहिए।” उन्होंने मामले को सामने लाने के लिए नासिक पुलिस की सराहना भी की।

अमरावती के परातवाड़ा मामले पर, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पीड़ितों को परामर्श देने और उन्हें आगे आने के लिए प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया, साथ ही कहा कि विश्वास उत्पन्न करने के लिए सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी शामिल किया जा सकता है।

गोरेगांव कथित मादक पदार्थ ओवरडोज मामले के संबंध में, फडणवीस ने मादक पदार्थ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आह्वान किया।

उन्होंने कहा, “मादक पदार्थ के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करें। यह सीधे तौर पर हमारे युवाओं के भविष्य से जुड़ा है और इसे अत्यंत गंभीरता से लिया जाना चाहिए।”

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने जांच तंत्र को मजबूत करने और सभी एजेंसियों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने के लिए कई निर्देश भी जारी किए।

भाषा अमित रंजन

रंजन