फर्जी ‘इनपुट टैक्स क्रेडिट’ गिरोह का भंडाफोड़; रसायन कंपनी का मालिक गिरफ्तार

Ads

फर्जी ‘इनपुट टैक्स क्रेडिट’ गिरोह का भंडाफोड़; रसायन कंपनी का मालिक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - February 11, 2026 / 06:56 PM IST,
    Updated On - February 11, 2026 / 06:56 PM IST

ठाणे, 11 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) अधिकारियों ने 172 करोड़ रुपये के ‘इनपुट टैक्स क्रेडिट’ (आईटीसी) के कथित फर्जीवाड़े से जुड़े एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है और इस घोटाले में एक रसायन कंपनी के मालिक को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई सीजीएसटी और ठाणे आयुक्तालय के केंद्रीय उत्पाद शुल्क के कर अपवंचन रोधी प्रकोष्ठ द्वारा की गई।

जांच के दौरान आयुक्तालय ने फ्लोरिडा सॉल्वेंट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक भौमिक गिरीशभाई गांधी को इस फर्जीवाड़े का मुख्य आरोपी पाया जिन्होंने बिना वास्तविक माल की प्राप्ति और आपूर्ति के 952 करोड़ रुपये तक का अयोग्य आईटीसी फर्जी तरीके से प्राप्त किया और आगे पास किया।

इस संबंध में एक विज्ञप्ति में कहा गया, “रिकॉर्ड पर उपलब्ध दस्तावेजों और विस्तृत जांच के आधार पर पाया गया कि आरोपी ने गैर-मौजूद और पंजीकरण गंवा चुकीं फर्मों के जरिए फर्जी आईटीसी लेने एवं पास करने की साजिश रची।”

इसमें कहा गया कि कंपनी के आपूर्तिकर्ताओं के परिसरों पर कई स्थानों पर तलाशी ली गई, जिसमें यह सामने आया कि कई आपूर्ति फर्म या तो अस्तित्व में नहीं थीं या उनका पंजीकरण रद्द हो चुका था, जिससे संकेत मिलता है कि लेनदेन फर्जी था।

अधिकारियों के अनुसार, गिरीशभाई गांधी के आवासीय परिसर पर आगे की तलाशी के दौरान त्रुटिपूर्ण दस्तावेज और ऐसे साक्ष्य बरामद हुए, जो बिना वास्तविक माल की आपूर्ति के धोखाधड़ी की ओर इशारा करते हैं।

विज्ञप्ति में कहा गया कि गांधी ने अपने स्वैच्छिक बयान में इस फर्जीवाड़े का मुख्य आरोपी होने, कमीशन कमाने और अवैध आय से सीधे लाभान्वित होने की बात स्वीकार की।

गांधी को 10 फरवरी को गिरफ्तार किया गया और स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

भाषा तान्या नेत्रपाल

नेत्रपाल